बीआरएस पॉक्सो मामले को लेकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही : रामचंद्र राव
दिलीप
- 18 May 2026, 10:03 PM
- Updated: 10:03 PM
हैदराबाद, 18 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे के खिलाफ दर्ज यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) मामले को लेकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर बंडी संजय ने कोई गलत काम किया है, तो भाजपा उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्रीय मंत्री ने कुछ भी गलत नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि अगर बंडी संजय के बेटे को किसी भी प्रकार के गलत काम में शामिल पाया जाता है, तो कानून अपना काम करेगा।
राव ने कहा कि अग्रिम जमानत के लिए आवेदन करना एक कानूनी उपाय है और केंद्रीय मंत्री के बेटे ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
उन्होंने दावा किया, "जैसे कि बीआरएस के पास करने के लिए और कुछ नहीं है, वह मंत्री के बेटे को ही मुद्दा बना रही है। वह दीवारों पर पोस्टर लगाने, सोशल मीडिया पर अभियान चलाने और अपने मीडिया संस्थान पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। बीआरएस नेता, खासकर के. टी. आर. (के. टी. रामाराव) एक व्यक्ति और भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।"
राव ने कहा कि बंडी संजय के बेटे से जुड़े मामले को पुलिस पर छोड़ देना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
भाजपा नेता ने दावा किया कि बीआरएस के 10 साल के कार्यकाल के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 67 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
राव ने कहा, "जब आपके परिवार की एक महिला (कविता) को दिल्ली शराब नीति मामले में जेल भेजा गया था, तब क्या केसीआर या केटीआर ने इस्तीफा दिया था?"
इस साल फरवरी में दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता (के. सी. आर. की बेटी) और 20 अन्य लोगों को राजनीतिक रूप से संवेदनशील शराब नीति मामले में आरोपमुक्त कर दिया।
उन्होंने पूछा, "बीआरएस को भाजपा पर हमला करने का नैतिक अधिकार क्या है?"
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
1805 2203 हैदराबाद