अभिषेक बनर्जी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर स्वप्ना बर्मन के घर में आग लगाने का आरोप लगाया
प्रशांत
- 16 May 2026, 07:56 PM
- Updated: 07:56 PM
कोलकाता, 16 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद बदले की भावना से की गई हिंसा के तहत एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली एथलीट एवं टीएमसी नेता स्वप्ना बर्मन के घर में आग लगा दी।
बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि ''भाजपा के गुंडों'' ने बर्मन को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल होने और इसके टिकट पर हाल में चुनाव लड़ने की वजह से निशाना बनाया।
उन्होंने लिखा, ''जिस एथलीट ने देश का नाम रोशन किया, उसे हिंसा, धमकियों और डर का सामना करना पड़ रहा है - सिर्फ इसलिए कि उसने तृणमूल कांग्रेस का साथ देने का फैसला किया।''
उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज स्थित अपने मकान में कथित आगजनी के बाद बर्मन द्वारा सोशल मीडिया पर गुस्सा जताए जाने के एक दिन बाद तृणमूल महासचिव बनर्जी ने कहा, ''भारत ने आपको निराश कर दिया प्रिय स्वप्ना''।
बर्मन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कहा, ''अगर मुझे यह पता होता, तो मैं कभी भी राजनीति में नहीं आती। आज उन्होंने मेरे घर में आग लगा दी।''
बनर्जी ने 'एक्स' पर अपने पोस्ट में भाजपा पर तीखा हमला बोला और उस पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ''यह भाजपा के शासनकाल की भयावह वास्तविकता है। यही वह 'परिवर्तन' है जिसका उसने वादा किया था। अगर भारत को गौरव दिलाने वाली एक खिलाड़ी के साथ उसके राजनीतिक विचारों के कारण ऐसा बर्ताव किया जाता है, तो लोकतंत्र की स्थिति हर भारतीय के लिए चिंता का विषय होनी चाहिए।''
जिला पुलिस ने आग लगने की पुष्टि करते हुए कहा कि दमकलकर्मियों ने इस पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
बर्मन ने इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित 2018 एशियाई खेलों में महिलाओं की 'हेप्टाथलॉन' प्रतियोगिता में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता और यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय 'हेप्टाथलीट' बन गईं।
वह इस साल 27 फरवरी को टीएमसी में शामिल हुई थीं। उन्होंने जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के दिनेश सरकार ने उन्हें 21,000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया।
राजबंशी समुदाय से संबंध रखने वाली एथलीट अलीपुरद्वार मंडल में उत्तर सीमांत रेलवे की पूर्व कर्मचारी थीं। आधिकारिक रूप से इस्तीफा दिए बिना टीएमसी में शामिल होने के कारण उन्हें सरकारी सेवा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि बर्मन को ''बेईमान लोगों'' की संगति से छुटकारा पाना होगा।
घोष ने कहा, ''वह एक सम्मानित खिलाड़ी हैं और उन्हें राजनीति से दूर रहना चाहिए। उन्हें विशेष रूप से उन लोगों की संगति से बचना चाहिए जो इस दुनिया के सबसे बुरे प्रतिनिधि हैं, क्योंकि यह उनकी प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं है। उन्हें गरिमा के साथ अपने देश के लिए खड़ा होना चाहिए और भाजपा उनके साथ खड़ी रहेगी।''
भाषा नेत्रपाल प्रशांत
प्रशांत
1605 1956 कोलकाता