केरल बोर्ड ने 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए, उत्तीर्ण प्रतिशत घटकर 99.07 फीसदी
अविनाश
- 15 May 2026, 07:41 PM
- Updated: 07:41 PM
तिरुवनंतपुरम, 15 मई (भाषा) केरल राज्य शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को 10वीं कक्षा की परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए। इस वर्ष कुल उत्तीर्ण प्रतिशत मामूली गिरावट के साथ 99.07 प्रतिशत रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 99.50 प्रतिशत था।
प्रधान सचिव (सामान्य शिक्षा) शर्मिला मैरी जोसेफ और सामान्य शिक्षा निदेशक एन एस के उमेश ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में परिणामों की घोषणा की।
जोसेफ ने बताया कि केरल, लक्षद्वीप और खाड़ी क्षेत्र के 3,059 स्कूलों के कुल 4,14,290 विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी थी, जिनमें से 4,10,456 विद्यार्थी उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए पात्र घोषित किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, 30,514 विद्यार्थियों ने सभी विषयों में ए-प्लस ग्रेड हासिल किया, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 61,449 थी।
उन्होंने बताया कि कुल 2,10,727 लड़के परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 2,08,424 उत्तीर्ण हुए। लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.93 रहा।
वहीं, कुल 2,03,563 लड़कियां परीक्षा में शामिल हुईं, जिनमें से 2,01,982 उत्तीर्ण हुईं। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.22 रहा। सभी विषयों में ए-प्लस पाने वाली लड़कियों की संख्या 20,771 रही, जबकि लड़कों की संख्या 9,743 थी।
जोसेफ ने बताया कि 2,105 स्कूलों ने शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जिनमें 767 सरकारी, 930 सहायता प्राप्त और 408 गैर-सहायता प्राप्त स्कूल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि निजी श्रेणी में 251 विद्यार्थियों ने एसएसएलसी परीक्षा दी, जिनमें से 189 उत्तीर्ण हुए। इस श्रेणी का उत्तीर्ण प्रतिशत 75.3 रहा।
कुल 39,391 अनुसूचित जाति (एससी) विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 38,535 उत्तीर्ण हुए। उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 97.82 रहा। वहीं, 7,172 अनुसूचित जनजाति (एसटी) विद्यार्थियों में से 7,022 उत्तीर्ण हुए और उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 97.91 दर्ज किया गया।
जोसेफ ने बताया कि पथानामथिट्टा राजस्व जिले ने 99.72 प्रतिशत के साथ सबसे अधिक उत्तीर्ण प्रतिशत दर्ज किया, जबकि कुट्टनाड शिक्षा जिले ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया।
प्रधान सचिव ने कहा कि कोल्लम जिले में सभी विषयों में ए-प्लस प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही, जो कुल संख्या का 11.6 प्रतिशत है।
खाड़ी क्षेत्र में सात केंद्रों से परीक्षा देने वाले सभी 631 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। लक्षद्वीप में नौ केंद्रों से 386 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 377 उत्तीर्ण हुए। वहां उत्तीर्ण प्रतिशत 99.67 दर्ज किया गया।
यह परीक्षाएं पांच मार्च से 30 मार्च तक आयोजित की गई थीं। मूल्यांकन कार्य 16 अप्रैल से दो मई के बीच 72 शिविरों में किया गया, जिसमें 9,968 शिक्षकों ने भाग लिया।
जोसेफ ने कहा कि नए पाठ्यक्रम की शुरुआत उत्तीर्ण प्रतिशत और सभी विषयों में ए-प्लस पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या में आई मामूली गिरावट का एक कारण हो सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन 16 मई से 21 मई तक ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश
अविनाश
1505 1941 तिरुवनंतपुरम