रक्तचाप से निपटने के लिए शीघ्र निदान और देखभाल जरूरी : स्वास्थ्य विशेषज्ञ
अविनाश
- 15 May 2026, 07:18 PM
- Updated: 07:18 PM
नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उच्च रक्तचाप के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए शीघ्र निदान, निवारक देखभाल और जीवनशैली में बदलाव की शुक्रवार को अपील की।
विश्व उच्च रक्तचाप दिवस 2026 से पहले आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि जीवनशैली में बदलाव और शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य की उपेक्षा के कारण युवाओं में उच्च रक्तचाप की समस्या तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, "बदलती जीवनशैली और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर कम ध्यान देने के कारण युवाओं में भी उच्च रक्तचाप की समस्या तेजी से बढ़ रही है।" उन्होंने उच्च रक्तचाप को "दबे पांव आने वाली मौत" बताया जो हृदयाघात और मस्तिष्काघात जैसी गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकता है।
जाधव ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (एनपीसीडीसीएस) के तहत देश भर के स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के माध्यम से लोगों की जांच, शीघ्र पहचान और प्रबंधन को बढ़ावा दे रही है।
पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उच्च रक्तचाप यह जटिल समस्या है।
उन्होंने इसके शीघ्र निदान और समय पर उपचार के महत्व पर बल दिया।
उन्होंने कहा, "शीघ्र निदान अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि शीघ्र निदान के बिना, शीघ्र उपचार मुश्किल हो जाता है।"
उन्होंने कहा कि गैर-संक्रामक रोग विभिन्न देशों के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को काफी हद तक प्रभावित करते हैं, इसलिए रोकथाम और समय पर हस्तक्षेप अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
''इलनेस टू वेलनेस फाउंडेशन'' की सलाहकार परिषद के अध्यक्ष अनिल राजपूत ने कहा कि लंबे कार्य घंटे, अपर्याप्त नींद, तनाव पैदा करने वाली आधुनिक जीवनशैली की उच्च रक्तचाप और अन्य विकारों में अहम भूमिका है।
उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नौकरी की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं पर भी प्रकाश डाला और साथ ही इस बात पर जोर दिया कि एआई का अगर जिम्मेदारी से उपयोग किया जाए तो यह जीवन की गुणवत्ता में सुधार ला सकता है और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे सकता है।
मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉ. रिपेन गुप्ता ने कहा कि लगभग एक चौथाई वयस्क उच्च रक्तचाप से प्रभावित हैं, लेकिन इस संबंध में जागरूकता अब भी कम है।
एम्स के प्रोफेसर राकेश यादव ने कहा कि उच्च रक्तचाप अब बच्चों और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को प्रभावित कर रहा है और उन्होंने नियमित निगरानी, सस्ती दवाओं, स्वस्थ आहार और वजन प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
1505 1918 दिल्ली