नीट प्रश्नपत्र लीक मामला : सीबीआई ने महाराष्ट्र के लातूर स्थित कोचिंग सेंटर के निदेशक से पूछताछ की
माधव
- 15 May 2026, 05:02 PM
- Updated: 05:02 PM
लातूर, 15 मई (भाषा)केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में शुक्रवार को महाराष्ट्र के लातूर शहर के एक प्रमुख कोचिंग सेंटर के निदेशक से पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सीबीआई की एक टीम राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच के तहत बृहस्पतिवार रात और फिर शुक्रवार तड़के शिवनगर क्षेत्र में स्थित ओमकार रेजिडेंसी में रेनुकाई केमिस्ट्री क्लासेज (आरसीसी) के निदेशक शिवराज मोटेगांवकर के आवास पर गई।
सीबीआई की एक टीम इस समय लातूर में डेरा डाले हुए है और इसमें 28 सदस्य हैं।
मीडिया कर्मियों ने शुक्रवार अपराह्न करीब 12:30 बजे मोटेगांवकर के घर से बाहर निकल रहे सीबीआई के एक अधिकारी से जांच के बारे में पूछा, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया।
सीबीआई की टीम बुधवार को लातूर पहुंची और प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच के सिलसिले में स्थानीय कॉलेज में रसायन विज्ञान पढ़ाने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक पी.वी. कुलकर्णी को हिरासत में ले लिया।
अधिकारियों ने बताया कि कुलकर्णी चार साल पहले एक प्रतिष्ठित कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे और नीट के लिए रसायन विज्ञान विषय के प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति में शामिल थे।
चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को नीट-यूजी 2026 आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद परीक्षा 12 मई को रद्द कर दी गई। सरकार ने सीबीआई को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया।
एक छात्र के अभिभावक ने मंगलवार को लातूर में पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई और दावा किया कि शहर के एक निजी कोचिंग संस्थान द्वारा आयोजित 'मॉक टेस्ट' में पूछे गए 42 प्रश्न नीट में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते हैं।
उनकी शिकायत के आधार पर, पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे ने अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) समीरसिंह साल्वे को मामले की जांच करने का निर्देश दिया था।
इस सिलसिले में पुलिस ने लातूर में कोचिंग संस्थान के कर्मी, छात्रों और काउंसलर समेत छह लोगों से पूछताछ की है। इसके अलावा, उन्होंने दो कोचिंग सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरें भी जब्त कर ली थी।
लातूर में कुलकर्णी की गिरफ्तारी से पहले, सीबीआई ने महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से तीन व्यक्तियों को नासिक से शुभम खैरनार (30), पुणे से ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे और अहिल्यानगर के राहुरी से धनंजय लोखंडे (26)को हिरासत में लिया था।
भाषा धीरज माधव
माधव
1505 1702 लातूर