नीरज स्विट्जरलैंड में, मनु इटली में करेंगी ट्रेनिंग
नमिता
- 13 May 2026, 08:14 PM
- Updated: 08:14 PM
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) पीठ की चोट से उबर रहे भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा 25 मई से स्विट्जरलैंड के ओलंपिक ट्रेनिंग केंद्र में जाएंगे जबकि निशानेबाज मनु भाकर ट्रेनिंग के लिए इटली चली गईं। खेल मंत्रालय ने इस साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों को देखते हुए विदेशों में ट्रेनिंग के इनके प्रस्तावों को मंजूरी दे दी।
नीरज के दोनों प्रतियोगिताओं में खेलने की उम्मीद है जबकि मनु सिर्फ एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगी क्योंकि निशानेबाजी राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा नहीं है।
मंत्रालय के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने यहां अपनी 173वीं बैठक में नीरज के स्विट्जरलैंड के बीन में 47 दिन के ऑफ सत्र ट्रेनिंग शिविर के आग्रह के अलावा मनु के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने बयान में कहा, ''तुर्किये में पीठ की चोट के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के कोर खिलाड़ी दो बड़ी बहु खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए 25 मई से 10 जुलाई तक बीन के ओलंपिक ट्रेनिंग केंद्र में ट्रेनिंग करेंगे।
राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 23 जुलाई से दो अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में किया जाएगा जबकि एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नगोया में होंगे।
नीरज ने इस साल अभी तक किसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया है क्योंकि उनका पहले से तय सत्र का पहला टूर्नामेंट दोहा डाइमंड लीग खाड़ी क्षेत्र में चल रहे सैन्य संघर्ष के कारण स्थगित हो गया था।
नीरज ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और 2018 तथा 2022 एशियाई खेलों में भी शीर्ष पर रहे थे।
हरियाणा के 28 साल के इस खिलाड़ी के साथ उनके फिजियोथेरेपिस्ट इशान मारवाहा और कोच जय चौधरी भी बीन में होंगे। यह एक ऐसी जगह है जहां वह तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर सुपरस्टार बनने से पहले लंबे समय तक रहे हैं।
साइ ने कहा, ''इस प्रस्ताव में तीन लोगों की टीम के आने-जाने और रहने का खर्च शामिल है जिसमें हवाई किराया, होटल का खर्च, खाना, वीजा, भाले और ट्रीटमेंट बेड के लिए अतिरिक्त बैगेज भत्ता, मेडिकल बीमा और 47 दिन के लिए हर दिन 25 डॉलर का भत्ता वगैरह शामिल हैं।''
खेल सचिव हरि रंजन राव की अगुआई वाले एमओसी ने दोहरी ओलंपिक पदक विजेता मनु के इटली के लुका में ट्रेनिंग के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। उन्हें 13 से 22 मई तक ट्रेनिंग की स्वीकृति मिली है।
इस 24 वर्षीय खिलाड़ी के साथ उनके कोच जसपाल राणा और फिजियोथेरेपिस्ट स्नेहिल खुराना जाएंगे।
मुन एशियाई खेलों में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी और पदक की प्रबल दावेदार हैं।
एमओसी ने लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह के उनके कोच के साथ अमेरिका में 15 मई से 17 जून तक 34 दिवसीय ट्रेनिंग और प्रतियोगिता दौरे के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी।
एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता और एशियाई चैंपियनशिप में 5000 और 10,000 मीटर के स्वर्ण पदक विजेता गुलवीर लॉस एंजिलिस और नाशविले में स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
1305 2014 नयी दिल्ली