छत्तीसगढ़ में अलग-अलग घटनाओं में पुलिस के दो आरक्षकों ने आत्महत्या की
खारी
- 11 May 2026, 11:20 PM
- Updated: 11:20 PM
बीजापुर/धमतरी, 11 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग घटनाओं में, दो पुलिस आरक्षकों ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद में आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले में, राज्य पुलिस की 'बस्तर फाइटर्स' इकाई के आरक्षक दिलीप तेलम (25) ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली।
धमतरी जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के आरक्षक जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (35) ने अपने किराए के मकान में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, बीजापुर में पुलिस रक्षित केंद्र में तैनात तेलम ने रविवार रात करीब नौ बजे बीजापुर पुलिस थाने के पास अपनी एके-47 राइफल से खुद को गोली मार ली।
बयान में कहा गया, ''प्रथम दृष्टया, इस घटना के पीछे परिवार से जुड़ी समस्याएं ही वजह लगती हैं। कोतवाली पुलिस थाना इस मामले में जांच कर रहा है।''
एक अन्य घटना में, पुलिस ने बताया कि हाल में पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी से लौटे आरक्षक ठाकुर का शव सोमवार तड़के धमतरी शहर की 'सपना पिंक सिटी' कॉलोनी में उनके कमरे में फंदे से लटका मिला।
सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि यह आरक्षक 2009 से सीएएफ की 10वीं बटालियन में सेवा दे रहा था और हाल में पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी से लौटा था। अपने गृह राज्य लौटने के बाद, वह छुट्टी लेकर अपने घर आया था।
मूलरूप से बालोद जिले के भटगांव गांव के निवासी ठाकुर पिछले नौ वर्षों से धमतरी में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं।
आरक्षक के छोटे भाई त्रिभुवन ने संवाददाताओं को बताया कि रविवार शाम को ठाकुर और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद उनकी पत्नी गुस्से में घर छोड़कर चली गईं।
त्रिभुवन ने बताया कि उन्होंने अपने भाई को कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कुछ अनहोनी की आशंका होने पर, आरक्षक के परेशान परिजन दौड़कर उनके घर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था।
उन्होंने बताया कि बाद में घर के पिछले हिस्से से देखने पर उन्हें ठाकुर का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका दिखाई दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पारिवारिक विवाद के कारण ही ठाकुर ने यह कदम उठाया।
भाषा सं संजीव खारी
खारी
1105 2320 बीजापुर