बंगाल के नतीजों ने देशभर के लोगों को राहत दी है: प्रधानमंत्री मोदी
सुरभि
- 11 May 2026, 12:22 AM
- Updated: 12:22 AM
(तस्वीर के साथ)
जामनगर, 10 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम ने पूरे देश के लोगों को राहत दी है। मोदी ने दावा किया कि इस चुनाव परिणाम ने वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है।
पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके परिणाम चार मई को घोषित किए गए। भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट जीतकर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। तृणमूल कांग्रेस को मात्र 80 सीट मिलीं।
मोदी रविवार रात गुजरात के अपने दो दिवसीय दौरे के तहत जामनगर पहुंचे और लाल बंगला सर्कल में पार्टी के विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
यहां पहुंचने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों ने पूरे भारत के लोगों को भावनात्मक रूप से इस तरह जोड़ा है जैसा उन्होंने पहले कभी किसी चुनाव में नहीं देखा।
मोदी ने कहा, ''मैंने कई चुनाव लड़े हैं, कई जीते हैं। जीत-हार चलती रहती है। लेकिन पहली बार मैंने देखा कि बंगाल के चुनाव पूरे देश से जुड़े हुए प्रतीत हुए।''
उन्होंने कहा, ''हजारों मील दूर बैठे व्यक्ति को भी बंगाल में बदलाव देखकर राहत का एहसास हुआ। कल्पना कीजिए वहां के लोगों का दर्द कितना भयानक रहा होगा कि गुजरात में एक व्यक्ति को (भाजपा की जीत और तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद) राहत महसूस हो रही है।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव परिणामों पर मिली प्रतिक्रिया से देश की एकता और विभिन्न राज्यों के लोगों का बंगाल से भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट होता है।
मोदी ने कहा, ''गुजरात के हर कोने में 'हमारे बंगाल को क्या हो गया है?' की पीड़ा थी। और फिर एक अकल्पनीय राहत का एहसास हुआ, मानो लोग भारी भरकम बेड़ियों से मुक्त हो गए हों। यही भावना हम देख रहे हैं। लोगों की आंखों से खुशी के आंसू थम नहीं रहे हैं।''
उन्होंने कहा, ''मैंने कई चुनाव परिणाम देखे हैं, लेकिन किसी चुनाव परिणाम का इतना प्रभाव... शायद मैं अपने राजनीतिक जीवन में पहली बार इसका अनुभव कर रहा हूं।''
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सुशासन और कल्याणकारी पहलों के माध्यम से राज्य की बदहाली को दूर करने में मदद करेगी।
मोदी ने कहा कि भाजपा निश्चित रूप से उस 50 साल पुराने गड्ढे को भरेगी जिसमें बंगाल गिर गया है और बंगाल को फिर से पटरी पर लाएगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल चुनाव परिणामों पर वैश्विक स्तर पर चर्चा हो रही है और उन्होंने जोर देकर कहा कि यह जीत भारत के युवाओं की बदलती आकांक्षाओं को दर्शाती है।
विपक्षी दलों पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जो दल केवल नकारात्मकता और गाली-गलौज में लिप्त हैं, वे देश की युवा पीढ़ी से कट चुके हैं।
उन्होंने कहा, ''ऐसा लगता है कि देश के कई राजनीतिक दल और नेता आज के युवाओं की आकांक्षाओं से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं।''
गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की हालिया चुनावी सफलता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों ने दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया है।
भाजपा को गुजरात में लंबे समय से मिल रहे समर्थन पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने कहा कि राज्य ने पीढ़ियों से लगातार पार्टी को आशीर्वाद दिया है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में गुजरात की विकास यात्रा ने इसकी वैश्विक छवि को बदल दिया है।
उन्होंने कहा, ''एक समय था जब नमक उत्पादन के अलावा हम कुछ खास नहीं कर रहे थे।''
उन्होंने बताया कि गुजरात अब सेमीकंडक्टर चिप, मेट्रो कोच और आधुनिक रेलवे इंजन बना रहा है और इसके साथ ही विमान निर्माण की तैयारी में भी जुटा है।
उन्होंने जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में गुजरात की पहलों का भी जिक्र किया और कहा कि राज्य उन पहली सरकारों में से एक था जिन्होंने जलवायु परिवर्तन के लिए एक समर्पित विभाग बनाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात सौर और नवीकरणीय ऊर्जा का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है और देश की विकास क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सोमवार को सोमनाथ मंदिर की अपनी निर्धारित यात्रा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि यह आयोजन स्वतंत्रता के बाद इस पूजनीय मंदिर के पुनर्प्रतिष्ठापन के 75 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वर्षगांठ सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदृष्टि से जुड़ी है और याद दिलाया कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कई पक्षों के विरोध के बावजूद उस समय समारोह में भाग लिया था।
सोमनाथ में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वडोदरा जाएंगे जहां वह सरदार धाम ट्रस्ट द्वारा विकसित एक छात्रावास परिसर का उद्घाटन करेंगे।
भाषा संतोष सुरभि
सुरभि
1105 0022 जामनगर