बेंगलुरु में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास से जिलेटिन की दो छड़ मिलीं, जांच शुरू
नरेश
- 10 May 2026, 10:08 PM
- Updated: 10:08 PM
बेंगलुरु, 10 मई (भाषा) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास सड़क किनारे से जिलेटिन की दो छड़ बरामद की गईं, जिसके बाद सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया गया और विस्फोटकों के स्रोत की पुलिस जांच शुरू की गई।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या जिलेटिन छड़ें मिलने के पीछे कोई बड़ी साजिश थी?
पुलिस ने बताया कि कग्गलीपुरा थाना क्षेत्र के तातागुनी के पास नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जिलेटिन की छड़ें मिलीं, जो प्रधानमंत्री के यात्रा कार्यक्रम से जुड़े मार्ग से ज्यादा दूर नहीं है।
यह जिलेटिन छड़ें क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान में बरामद हुईं, जिसे प्रधानमंत्री के पहुंचने से कुछ ही समय पहले चलाया गया था।
मोदी बेंगलुरु में कनकपुरा रोड पर स्थित 'आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर' के 45वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शिरकत करने पहुंचे थे।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ''रविवार सुबह प्रधानमंत्री के आगमन से पहले, जांच के दौरान, मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक फुटपाथ के किनारे दो जिलेटिन छड़ मिलीं। विस्तृत जांच जारी है।''
प्रधानमंत्री के दौरे के लिए सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, जिसके तहत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने लगभग एक सप्ताह पहले से ही यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया था।
इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट जारी कर दिया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ते तथा फॉरेंसिक कर्मी विस्फोटक सामग्री की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
मोदी सुबह करीब 10:25 बजे एचएएल हवाई अड्डे पर उतरे और हवाई अड्डे के पास एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हेलीकॉप्टर से 'आर्ट ऑफ लिविंग' कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर के साथ एक कार्यक्रम में भाग लिया।
आज सुबह करीब सात बजे, बेंगलुरु के कोरमंगला पुलिस थाने को एक धमकी भरा फोन आया जिसमें कहा गया था कि एचएएल हवाई अड्डे और 'आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर' के पास बम विस्फोट किए जाएंगे, जहां प्रधानमंत्री का दौरा निर्धारित था।
इस खतरे की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हाई अलर्ट पर आ गईं। सुबह करीब 10:30 बजे, थतागुनी के पास कनकपुरा रोड पर तलाशी अभियान के दौरान, पुलिस कांस्टेबल जगदीश ने ओडेयरहल्ली गेट के पास सड़क किनारे से लगभग 30 मीटर दूर एक संदिग्ध वस्तु देखी। जांच करने पर पुलिस को उसके अंदर दो जिलेटिन छड़ मिलीं।
पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि इलाके की व्यापक तलाशी के बाद कोई और संदिग्ध सामग्री नहीं मिली और मार्ग को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। प्रधानमंत्री का सफर तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा।
पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज) एस गिरीश ने सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता की सराहना की।
उन्होंने कहा, ''हमारे पुलिसकर्मियों ने बहुत अच्छा काम किया है। बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलेटिन छड़ का पता लगाया और हमारी टीम ने इसकी पुष्टि की। दो जिलेटिन छड़ बरामद की गई हैं।''
इसके बाद पुलिस ने घटना की जांच के लिए चार निरीक्षकों सहित लगभग 50 कर्मियों वाली एक विशेष जांच टीम का गठन किया।
कग्गलीपुरा पुलिस थाने में विस्फोटक अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी बीच, पहले मिली धमकी भरी कॉल के संबंध में पुलिस ने बेंगलुरु के कोरमंगला से 40 वर्षीय एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फोन करने वाले ने कथित तौर पर जिलेटिन छड़ का इस्तेमाल करके विस्फोट करने की धमकी दी थी, जिसके बाद एचएएल हवाई अड्डे और आर्ट ऑफ लिविंग के आसपास तत्काल तलाशी अभियान चलाया गया।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पुलिस उपायुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं और जांच के तहत उसके माता-पिता से भी पूछताछ की गई है।
सूत्रों ने बताया कि एजेंसियां इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि जिलेटिन छड़ों को संबंधित क्षेत्र में रखने का मकसद क्या था और इसमें कौन-कौन लोग संलिप्त थे।
बेंगलुरु दक्षिण के पुलिस अधीक्षक आर श्रीनिवास गौड़ा ने बताया कि जांच जारी है। उन्होंने कहा, ''हमें इस बात की गहन जांच करनी होगी कि इसे वहां किसने और किस उद्देश्य से रखा था।''
भाषा शफीक नरेश
नरेश
1005 2208 बेंगलुरु