हंटावायरस प्रभावित क्रूज पोत स्पेन के टेनेरीफ पहुंचा
सुरेश
- 10 May 2026, 12:58 PM
- Updated: 12:58 PM
टेनेरीफ (स्पेन), 10 मई (एपी) हंटावायरस संक्रमण से प्रभावित क्रूज पोत 140 से अधिक लोगों को लेकर स्पेन के कैनरी द्वीपसमूह के सबसे बड़े द्वीप टेनेरीफ पहुंच गया है।
पश्चिम अफ्रीका के तट के पास स्थित इस द्वीप पर यात्रियों और चालक दल के कुछ सदस्यों को पोत से उतारा जाना है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), स्पेन के प्राधिकारियों और क्रूज कंपनी 'ओशनवाइड एक्सपेडिशंस' ने कहा है कि 'एमवी होंडियस' पर सवार किसी भी व्यक्ति में फिलहाल वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे।
इस वायरस के प्रकोप के बाद से तीन लोगों की मौत हो चुकी है और पोत से उतर चुके पांच यात्री हंटावायरस से संक्रमित हैं। यह वायरस जानलेवा बीमारी का कारण बन सकता है।
पोत में सवार लोगों को छोटी नौकाओं के जरिये उतारा जाएगा। पोत से उतरने वाले सभी लोगों की जांच की जाएगी और उन्हें तभी उतारा जाएगा, जब निकासी उड़ानें उन्हें उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए तैयार होंगी।
पोत पर इस समय 20 से अधिक देशों के लोग सवार हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस, स्पेन के स्वास्थ्य और गृह मंत्रियों के साथ पोत से लोगों को निकालने की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
अधिकारियों ने कहा है कि जिन यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को पोत से उतारा जाएगा, उनका स्थानीय आबादी से कोई संपर्क नहीं होगा।
हंटावायरस आमतौर पर तब फैलता है, जब लोग चूहों या गिलहरी जैसे कुतरने वाले जीवों के मल के दूषित अवशेषों के संपर्क में आई हवा में सांस लेते हैं। यह आम तौर पर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से नहीं फैलता] लेकिन क्रूज पोत पर फैले संक्रमण में मिला एंडीज वायरस दुर्लभ मामलों में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। संक्रमण के संपर्क में आने के बाद आमतौर पर एक से आठ सप्ताह के बीच लक्षण दिखाई देते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महामारी एवं वैश्विक महामारी प्रबंधन विभाग की निदेशक मारिया वान केरखोव ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अधिकारी रविवार और सोमवार को निकासी उड़ान प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रख रहे हैं।
अमेरिका और ब्रिटेन, दोनों ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए विमान भेजने पर सहमति जताई है। अमेरिकी नागरिकों को नेब्रास्का के एक चिकित्सा केंद्र में पृथकवास में रखा जाएगा।
स्पेन के सभी यात्रियों को एक चिकित्सा केंद्र में ले जाकर पृथकवास में रखा जाएगा।
ओशनवाइड के अनुसार, पोत पर स्पेन के 13 यात्री और चालक दल का एक सदस्य सवार है।
एपी
सिम्मी सुरेश
सुरेश
1005 1258 टेनेरीफ