दिल्ली के सरकारी स्कूलों का संरचनात्मक ऑडिट होगा: मुख्यमंत्री गुप्ता
प्रशांत
- 08 May 2026, 07:25 PM
- Updated: 07:25 PM
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के सभी सरकारी विद्यालयों का संरचनात्मक ऑडिट कराया जाएगा ताकि उनमें मौजूदा कमियों और सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बताया कि गुप्ता ने शुक्रवार को उत्तर दिल्ली के एक सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था जहां शिकायतें मिलने के बाद सरकार ने संरचनात्मक ऑडिट कराने का फैसला किया है।
गुप्ता ने बताया, "दिल्ली के लगभग 700 स्कूलों में नए भवनों और बड़े स्तर पर पुनर्विकास की आवश्यकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि कई स्कूलों के भवन 40 से 50 वर्ष पुराने हैं। अब उनकी स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है।"
उन्होंने कहा, "इस ऑडिट के माध्यम से इन स्कूलों के भवनों की मजबूती, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता और अग्नि सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आदेश जारी किए जा रहे हैं।"
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी (आप) की पिछली सरकार को घेरते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने शिक्षा मॉडल का खूब प्रचार किया, लेकिन जमीनी स्तर पर जरूरी काम नहीं किए।
गुप्ता ने कहा, " अगर पूर्व की सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को वास्तव में मजबूत किया होता तो आज बच्चों को बुनियादी सुविधाओं के लिए शिकायत नहीं करनी पड़ती। केवल विज्ञापन और प्रचार से शिक्षा व्यवस्था बेहतर नहीं बनती, बल्कि स्कूलों में वास्तविक सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक होता है।"
मुख्यमंत्री रूप नगर स्थित राजकीय सर्वोदय विद्यालय पहुंचीं जहां उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनसे पेयजल, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता, गर्मी के दौरान दी जा रही सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बयान के मुताबिक, विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को शिक्षकों की कमी, पीने के पानी की समस्या और शौचालयों की खराब हालत के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान पाया कि स्कूल की अग्नि सुरक्षा प्रणाली भी काम नहीं कर रही थी और इन अनियमितताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल की सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं में तत्काल प्रभाव से सुधार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लगातार स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं मजबूत करने, अवसंरचना सुधारने और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं।
भाषा
नोमान प्रशांत
प्रशांत
0805 1925 दिल्ली