बंगाल : शुभेंदु के सहयोगी की हत्या के विरोध में भाजपा समर्थकों ने सालबोनी में सड़क जाम की
मनीषा
- 07 May 2026, 03:19 PM
- Updated: 03:19 PM
कोलकाता, सात मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबोनी में सड़क जाम कर दी।
रथ की मध्यमग्राम में कुछ अज्ञात हमलावरों ने बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार को मध्यमग्राम में तनाव के बावजूद स्थिति शांतिपूर्ण रही, जहां भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक रथ के आवास के बाहर जमा हो गए और उनकी हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा देने की मांग करते हुए नारे लगाए। पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौके पर मौजूद थे, जबकि पुलिस और केंद्रीय बलों ने अत्यधिक सतर्कता बनाए रखी।
पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी में भाजपा के लगभग 200 कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जलते हुए टायर के साथ एक मुख्य सड़क को अवरुद्ध कर दिया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर नयी सरकार के शपथ ग्रहण से पहले रथ की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए नारे लगाए।
बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लगभग 30 मिनट तक अवरुद्ध की गई सड़क को खोलने के लिए राजी कर लिया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने बुधवार रात करीब 10:30 बजे रथ के वाहन का पीछा करते हुए उन्हें मध्यमग्राम में डोलतला के पास रोका और उन पर गोलीबारी करने के बाद भाग गए।
चश्मदीदों ने दावा किया कि रथ की एसयूवी को पहले दोहरिया जंक्शन के पास एक छोटे चार पहिया वाहन ने रोका, जिसके बाद मोटरसाइकिल सवार हमलावर एसयूवी के पास गया और रथ पर करीब से गोली चलाई।
उन्होंने बताया कि चार पहिया वाहन में सवार लोग वाहन छोड़कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए।
शुभेंदु के कार्यकारी सहायक के रूप में कार्यरत रथ पर हमला उस समय हुआ, जब वह मध्यमग्राम स्थित अपने आवास लौट रहे थे।
हालांकि, शुभेंदु ने हमले के लिए किसी भी संगठन को सीधे तौर पर कसूरवार ठहराने से परहेज किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पुलिस तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर भरोसा रखने की अपील की।
शुभेंदु उस अस्पताल में पहुंचे, जहां रथ का शव रखा गया है। उन्होंने कहा, "हम फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहते, क्योंकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुझे हमारी पुलिस पर पूरा भरोसा है, जिसे पहले तृणमूल सरकार ने निष्क्रिय और पक्षपातपूर्ण बना दिया था।"
शुभेंदु ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले जारी हैं।
भाषा पारुल मनीषा
मनीषा
0705 1519 कोलकाता