बंगाल चुनाव परिणाम भय से विश्वास की ओर बदलाव को दर्शाता है : ओडिशा के मुख्यमंत्री
अविनाश
- 04 May 2026, 10:28 PM
- Updated: 10:28 PM
भुवनेश्वर, चार मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शानदार प्रदर्शन भय से भरोसा की ओर बदलाव को दर्शाता है।
माझी ने भाजपा के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए।
उन्होंने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित विजय उत्सव में भाग लिया।
माझी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''यह जनादेश महज चुनावी परिणाम से कहीं अधिक है। यह बदलाव के लिए जोरदार आह्वान है। भय से भरोसा की ओर एक बदलाव है, जो प्रगति, स्थिरता और सिद्धांतवादी शासन के लिए सामूहिक आकांक्षा का संकेत है।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग (बिहार), बंग (पश्चिम बंगाल) और कलिंग (ओडिशा) की प्राचीन भावना को इस दिन नया स्वरूप मिला है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता और हर भाजपा कार्यकर्ता को बधाई दी, जिन्होंने इस उद्देश्य के लिए निरंतर मेहनत की।
माझी ने पोस्ट में कहा, ''यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और पूर्वोदय के उनके परिवर्तनकारी दृष्टिकोण में लोगों के अटूट विश्वास का प्रमाण है।''
भाजपा की वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने दावा किया कि ममता बनर्जी को दीघा मंदिर को "धाम" नाम देकर भगवान जगन्नाथ का अपमान करने का परिणाम भुगतना पड़ा।
परिदा ने कहा, ''महाप्रभु श्री जगन्नाथ अहंकार को बर्दाश्त नहीं करते; यह पश्चिम बंगाल चुनावों में साबित हो चुका है। उनके भाई (बीजद प्रमुख नवीन पटनायक) को महाप्रभु श्री जगन्नाथ के अपमान का परिणाम भुगतने के बाद, अब बहन ममता का अहंकार चकनाचूर हो गया है।''
हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भगवान जगन्नाथ का अपमान कैसे किया।
वहीं, कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने भाजपा की आलोचना की और आरोप लगाया कि पार्टी ने चुनावों में हेरफेर किया है।
उन्होंने कहा, ''इसके पीछे भाजपा के चुनाव प्रबंधन की बड़ी भूमिका है। देखिए बिहार चुनाव के दौरान मतदाताओं के खातों में 10,000 रुपये कैसे अंतरित किए गए। यह चुनाव नियमों के बिल्कुल खिलाफ है। उन्होंने सभी नियमों का उल्लंघन किया।''
कांग्रेस नेता ने कहा, ''जब बंगाल में चुनाव प्रक्रिया चल रही थी, तब संसद सत्र कैसे आयोजित किया गया? इस सत्र का उद्देश्य बंगाल की महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में करना था। निर्वाचन आयोग ने इसे नहीं रोका।''
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
0405 2228 भुवनेश्वर