सर्वोदय एन्क्लेव लूट: पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद 'कच्छा-बनियान' गिरोह के तीन संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार
दिलीप
- 04 May 2026, 10:17 PM
- Updated: 10:17 PM
नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) दक्षिण दिल्ली के सर्वोदय एनक्लेव में हाल में हुई लूट में शामिल कुख्यात 'कच्छा-बनियान' गिरोह के तीन संदिग्ध सदस्यों को सोमवार तड़के पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में आरोपी निर्मल परदी उर्फ निखिल (34), अंबर उर्फ देविन (25) और सम्राट उर्फ समर उर्फ काला (30) के पैरों में गोली लगी और उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के तीन और साथियों - काकेश उर्फ काके (24), कृष देव (18) और एक नाबालिग - को भी मौके से पकड़ा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ तब हुई जब संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में मिली विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर पुलिस दल ने आंबेडकर नगर के पास जाल बिछाया। जैसे ही दल ने उन्हें रोका, आरोपियों ने कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "आरोपियों द्वारा लगभग छह गोलियां चलाई गईं और मौके से सात खाली खोखे बरामद किए गए।"
सर्वोदय एनक्लेव में लूट की यह वारदात गत बृहस्पतिवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि को हुई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विजय मंडल पार्क की चारदीवारी से सटे पेड़ पर चढ़कर बालकनी से घर में घुसे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "उन्होंने कटर का उपयोग करके दरवाजे का ताला काटा और घर में घुस गए। जब घर के लोग जाग गए, तो उन्हें बंधक बना लिया गया और एक कमरे के अंदर बंद कर दिया गया।"
इसके बाद आरोपियों ने करीब एक घंटे तक घर को खंगाला और नकदी, आभूषण तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
परिसर के अंदर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन नकाबपोश लोगों को आसानी से घर में घूमते हुए देखा गया। वे दस्ताने और मोजे पहने हुए थे और उनके पास ऐसे हथियार थे, जिनका इस्तेमाल 'कच्छा-बनियान' गिरोह करता है।
जांचकर्ताओं ने कहा कि यह गिरोह कम कपड़ों में चोरी और लूट करने के लिए जाना जाता है। वे अक्सर औजारों से लैस होते हैं और विरोध किए जाने पर हिंसक होने से नहीं हिचकिचाते।
अधिकारी ने कहा, "अगर पीड़ितों ने विरोध करने की कोशिश की होती, तो स्थिति घातक हो सकती थी।"
घटना के बाद मालवीय नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीम गठित की गईं।
पुलिस ने कहा कि शहर भर में इसी तरह के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप
0405 2217 दिल्ली