थॉमस कप सेमीफाइनल : आयुष और श्रीकांत हारे, फ्रांस ने भारत पर 2-0 से बढ़त बनाई
नमिता
- 02 May 2026, 11:58 PM
- Updated: 11:58 PM
होर्सेंस (डेनमार्क), दो मई (भाषा) आयुष शेट्टी और किदांबी श्रीकांत के शनिवार को सीधे गेम में हारने से फ्रांस ने थॉमस कप फाइनल्स के सेमीफाइनल में भारत पर 2-0 से बढ़त बना ली।
आयुष को शुरूआती एकल में दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी क्रिस्टो पोपोव से और फिर दूसरे एकल में श्रीकांत को दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी एलेक्स लैनियर से हार मिली।
20 साल के आयुष को शुरुआती सिंगल्स में तब उतारा गया क्योंकि लक्ष्य सेन की दाहिनी कोहनी में सूजन थी। पर आयुष फ्रांस के पोपोव की रणनीति का मुकाबला करने में नाकाम रहे और 39 मिनट में 11-21, 9-21 से पराजित हो गए।
इसके बाद सभी की नजरें श्रीकांत पर थीं कि वे मैच बराबर करें, लेकिन दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद भी 16-21, 18-21 से हार गए।
श्रीकांत ने मैच की शुरुआत बराबरी पर की। वह 3-3 से बराबरी पर थे। लेकिन लैनियर ने ब्रेक तक बढ़त बना ली।
श्रीकांत को अपनी गलतियों से जूझना पड़ा और वे 9-14 से पीछे हो गए। हालांकि उन्होंने थोड़ी वापसी करते हुए अंतर को कम करके 15-18 तक पहुंचाया, लेकिन नेट पर एक गलती के कारण लैनियर ने गेम प्वाइंट जीत लिया।
दूसरा गेम भी कुछ इसी तरह का रहा। श्रीकांत ने शुरुआती पिछड़ने के बाद वापसी की और लगातार आक्रामक विनर लगाकर 7-7 से बराबरी कर ली। लेकिन लैनियर की रणनीति के कारण भारतीय खिलाड़ी से गलतियां हुईं और वे 10-15 से पीछे हो गए।
श्रीकांत ने कोशिश की और अंतर को कम करके 15-16 तक पहुंचाया, लेकिन आखिरी पलों में उनसे फिर गलतियां हो गईं। लैनियर को दो मैच प्वाइंट मिले और श्रीकांत का शॉट नेट में फंसने से लैनियर ने मैच जीत लिया।
अब सारी जिम्मेदारी एच एस प्रणय पर होगी कि वे भारत की उम्मीदों को जीवंत रखें। वह दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी टोमा जूनियर पोपोव से भिड़ेंगे। पोपोव ने 2025 के ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रणय को हराया था।
अगर प्रणय जीत जाते हैं तो हरिहरन अमसकरुनन और एम आर अर्जुन की युगल जोड़ी का मुकाबला एलोई एडम और लियो रॉसी से होगा जबकि दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला आखिरी मैच में पोपोव भाइयों से होगा।
सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भारत का एक पदक पक्का हो गया था। देश ने 2022 में यह खिताब जीता था। इसके अलावा 1952, 1955 और 1979 में कांस्य पदक भी जीते थे।
यह पोपोव के हाथों आयुष की दूसरी हार थी। इससे पहले 2024 में हायलो ओपन में हुई उनकी एकमात्र भिड़ंत में भी आयुष को हार का सामना करना पड़ा था।
पोपोव ने शुरू से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने कोर्ट के चारों ओर आयुष को दौड़ाने के लिए तेज रिटर्न का इस्तेमाल किया और नेट पर शुरुआती नियंत्रण हासिल कर लिया।
भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत में तो धैर्य दिखाया, लेकिन लगातार की गई कुछ गलतियों के कारण फ्रांसीसी खिलाड़ी 8-3 की बढ़त बनाने में कामयाब रहा।
आयुष ने बीच-बीच में कुछ अच्छे शॉट लगाए लेकिन वह दबाव बरकरार नहीं रख सके। पोपोव ने ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बनाई और फिर इसे 15-6 तक पहुंचा दिया।
हालांकि पोपोव की कुछ गलतियों ने थोड़ी देर के लिए आयुष को मैच में बनाए रखा, लेकिन भारतीय खिलाड़ी इसका फ़ायदा नहीं उठा सका। फ्रांसीसी खिलाड़ी ने कुछ गेम प्वाइंट गंवाने के बाद भी पहला गेम आसानी से अपने नाम कर लिया।
दूसरा गेम भी लगभग यही सिलसिला रहा। पोपोव ने शुरू में ही अपनी पकड़ मज़बूत कर ली और फ्रंट कोर्ट (नेट के पास) के खेल पर पूरी तरह से हावी रहे। आयुष थोड़े हिचकिचाते हुए दिखे और अपने विरोधी के खेल को समझने में उन्हें काफी मुश्किल हुई जबकि पोपोव बार-बार उनके बैकहैंड वाले कोने को निशाना बनाकर उन पर दबाव बनाते रहे।
फ्रांसीसी खिलाड़ी ब्रेक तक 11-2 की बढ़त बनाने में कामयाब रहा और उसने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने रैलियों पर नियंत्रण बनाए रखा। आयुष के इक्का-दुक्का विनर तब आए जब काफी देर हो चुकी थी। पोपोव 19-8 की बढ़त पर पहुंच गए, जिसके बाद उन्होंने लगातार कई मैच प्वाइंट हासिल किए और आसानी से यह मुक़ाबला जीत लिया।
भाषा नमिता
नमिता
0205 2358 होर्सेंस (डेनमार्क)