किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं, गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई होगी : शिवराज सिंह चौहान
दिमो रवि कांत
- 02 May 2026, 11:21 PM
- Updated: 11:21 PM
भोपाल, दो मई (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मध्यप्रदेश के अपने विदिशा लोकसभा क्षेत्र में गेहूं खरीद की समीक्षा की और चेतावनी दी कि लापरवाही या अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद का कार्य जारी है और रायसेन, विदिशा, सीहोर तथा देवास जिलों में व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है।
चौहान ने कहा, "किसानों को हमारी जरूरत है और हमें उनके साथ खड़ा रहना चाहिए।"
उन्होंने बताया कि 80 प्रतिशत से अधिक किसानों ने स्लॉट बुकिंग पूरी कर ली है और सत्यापन से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खरीद केंद्रों पर तौल क्षमता बढ़ाकर 2,250 क्विंटल प्रतिदिन कर दी गई है और तौल मशीनों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर अगले तीन दिनों के लिए पर्याप्त मात्रा में जूट के बोरे उपलब्ध करा दिए गए हैं।
चौहान ने कहा, "किसानों की मेहनत से पैदा हुआ हर एक दाना खरीदा जाएगा।"
उन्होंने कहा कि कुछ सर्वेक्षकों के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद उनमें से 34 को हटा दिया गया और विदिशा जिले में दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालयों में किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा।
जिलेवार आंकड़े देते हुए चौहान ने बताया कि विदिशा में 87,913 में से 72,027 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं और 36,442 किसानों से 1.99 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
रायसेन में 77,117 में से 68,639 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं और 32,374 किसानों से 1.80 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है।
सीहोर में 51,719 किसानों से 2.73 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है, जबकि देवास में 31,035 किसानों से 1.48 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खरीद लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है।
चौहान ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करेगी और उन्हें उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देगी।
चौहान ने कहा कि विदिशा में 10 मई से 'मामा कोचिंग क्लासेस' शुरू की जाएंगी, जो छात्रों को शिक्षा और रोजगार के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। उनके समर्थक प्यार से उन्हें 'मामा' कहते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस पहल के तहत चयनित छात्रों को ऑफलाइन कोचिंग और अन्य को ऑनलाइन सहायता के साथ करियर काउंसलिंग भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसी तरह की कोचिंग सुविधाएं जल्द ही रायसेन में भी शुरू की जाएंगी।
भाषा
दिमो रवि कांत
0205 2321 भोपाल