उत्तराखंड : नैनीताल धर्मांतरण मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस गिरफ्तार
सं, दीप्ति रवि कांत
- 01 May 2026, 07:39 PM
- Updated: 07:39 PM
नैनीताल, एक मई (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के भीमताल में कथित धर्मांतरण मामले में कई दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ 'एमडी' को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी यूनुस के खिलाफ 29 अप्रैल को मल्लीताल थाने में उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम-2018 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भीमताल पुलिस, विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। उसे देर रात नैनीताल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी यूनुस को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भीमताल के कूनाताल निवासी आरोपी ने महिलाओं से अपनी असली पहचान छिपाकर और छद्म नामों का इस्तेमाल कर उनसे दोस्ती की। प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी ने फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रेकिंग और संगीत जैसी गतिविधियों के माध्यम से पीड़िता का विश्वास हासिल किया।
आरोप है कि यूनुस ने पीड़िता को कैमरा, लेंस और मोबाइल फोन जैसी वस्तुओं पर करीब 17 लाख रुपये खर्च करने के लिए प्रेरित किया। यह भी आरोप है कि उसने अपनी पहचान छिपाकर शादी का झांसा दिया और धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान अन्य महिलाओं द्वारा भी इसी प्रकार के आरोप सामने आए हैं।
इससे पहले मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एसआईटी का गठन किया था। वहीं, आरोपी ने राहत के लिए उच्च न्यायालय का भी रुख किया था, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली।
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले सप्ताह भीमताल में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन भी किया था।
एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने कहा कि जिले में अवैध धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, दीप्ति रवि कांत
0105 1939 नैनीताल