रेलवे पंजाब में माल ढुलाई गलियारे की ड्रोन निगरानी शुरू करेगा: रवणीत सिंह बिट्टू
नरेश
- 29 Apr 2026, 05:29 PM
- Updated: 05:29 PM
(फाइल फोटो के साथ)
चंडीगढ़, 29 अप्रैल (भाषा) पंजाब में पूर्वी समर्पित माल ढुलाई गलियारे को निशाना बनाकर पिछले तीन महीनों में किये गये दो विस्फोटों के मद्देनजर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को कहा कि रेलवे प्रदेश में 24 घंटे गश्त तेज करेगा और पटरियों पर निगरानी बढ़ायेगा।
बिट्टू ने शंभू और राजपुरा के बीच विस्फोट स्थल का दौरा किया एवं स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राज्य में बार-बार रेलवे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाये जाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए सख्त एवं तत्काल उपाय किए जाएंगे।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित खालिस्तान समर्थक आतंकी मॉड्यूल (टोली) ने सोमवार देर रात पटियाला में शंभू के पास माल ढुलाई गलियारे पर विस्फोट किया।
पंजाब पुलिस ने मंगलवार को बताया कि विस्फोटकों में धमाका करने की कोशिश में एक संदिग्ध की मौत हो गई, जबकि गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
रेल राज्य मंत्री ने पत्रकारों को पूर्वी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (ईडीएफसी) पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि रेलवे गलियारे पर 24 घंटे गश्त तेज करेगा और निगरानी क्षेत्र का व्यापक विस्तार करेगा।
उनका कहना था कि फिलहाल अंबाला मंडल के पंजाब क्षेत्र में 173 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं तथा और कैमरे लगाए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि रेलवे गलियारे के सुनसान और संवेदनशील हिस्सों पर विशेष ध्यान देगा, जहां ड्रोन निगरानी समेत उन्नत निगरानी विधियों की मदद ली जायेगी।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, प्रमुख रेलवे कर्मी पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर गश्त करेंगे।
बिट्टू ने कहा, "हम ड्रोन तैनात करेंगे क्योंकि लंबी दूरी तक निगरानी रखने के लिए केवल सीसीटीवी कैमरे पर्याप्त नहीं होंगे। हम सौर कैमरे भी लगा रहे हैं।"
मंगलवार को विस्फोट स्थल का दौरा करने वाली विशेष पुलिस महानिदेशक (रेलवे) शशि प्रभा द्विवेदी ने भी माल ढुलाई गलियारे के आसपास सीसीटीवी लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
बिट्टू ने बताया कि माल ढुलाई गलियारे पर लगभग 35 किलोमीटर की दूरी के भीतर तीन महीने के अंतराल में यह दूसरा विस्फोट है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में शांति और सद्भाव भंग करने के प्रयास में 200 से अधिक समूह सक्रिय हैं।
फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में 23 जनवरी को एक और विस्फोट हुआ था जिसमें एक ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया एवं एक रेलवे अधिकारी घायल हो गया।
जहां पहला विस्फोट एनएच-44 से लगभग 800 मीटर की दूरी पर हुआ था, वहीं नवीनतम विस्फोट स्थल उसी राजमार्ग से लगभग 300 मीटर की दूरी पर हुआ है, जिससे अधिकारियों का यह मानना है कि शरारती तत्व संभवत: रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने के लिए राजमार्ग से आसान पहुंच मार्गों का फायदा उठा रहे हैं।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश
2904 1729 चंडीगढ़