आप सांसदों का भाजपा में शामिल होने का मामला, मान ने कहा-पांच मई को राष्ट्रपति से मिलेंगे
मनीषा
- 29 Apr 2026, 05:04 PM
- Updated: 05:04 PM
चंडीगढ़, 29 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के मुद्दे पर वह पांच मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
मान ने इससे पहले भाजपा में शामिल हुए आप के राज्यसभा सदस्यों को ''वापस बुलाने'' की मांग को लेकर पार्टी विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ''राष्ट्रपति ने पांच मई को दोपहर 12 बजे (बैठक के लिए) का समय दिया है और मैं निश्चित रूप से उनसे मिलूंगा।''
मान से जब पूछा गया कि क्या कानून में किसी सांसद को वापस बुलाने का कोई प्रावधान है, तो उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति से इस बारे में बात करेंगे।
आम आदमी पार्टी को 24 अप्रैल को उस समय बड़ा झटका लगा था जब उसके 10 राज्यसभा सदस्यों में से सात - राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल - ने पार्टी पर अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिक मूल्यों से भटक जाने का आरोप लगाते हुए आप छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गए।
आप छोड़ने वाले सात राज्यसभा सदस्यों में से छह पंजाब से निर्वाचित हुए हैं।
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर सांसदों के भाजपा में शामिल होने को स्वीकार कर लिया, जिससे उच्च सदन में अरविंद केजरीवाल की पार्टी के सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई।
पंजाब सरकार द्वारा एक मई को राज्य विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विश्वास प्रस्ताव लाए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री मान ने कहा, ''पार्टी के पास पहले से ही 94 विधायक हैं। पंजाब की जनता का इससे बड़ा विश्वास और क्या हो सकता है? बजट पारित होना भी विश्वास दर्शाता है। बजट विफल होने पर सरकार गिर सकती है। हमारे सभी विधेयक सदन में लगभग सर्वसम्मति से पारित हुए।''
उन्होंने कहा, ''अगर कोई यह दावा करता है कि इतने सारे (विधायक) (अन्य दलों के साथ) संपर्क में हैं और उनकी सरकार गिर जाएगी, तो हम विश्वास प्रस्ताव लाएंगे।''
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आप सरकार से राज्य कर्मियों के बकाये का भुगतान करने की मांग की है। इस संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में मान ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उन 'वादों' को पूरा करवाएं, जिनमें हर किसी के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा करने और दो करोड़ नौकरियां देने की बात कही गई है।
आप के सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने का संदर्भ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वास तोड़ने वालों को 'गद्दार' कहा जाता है।
मालगाड़ी की पटरी पर हुए विस्फोट से संबंधित एक अन्य सवाल के जवाब में मान ने कहा कि राज्य पुलिस की टीम केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और ''प्रकरण की जांच की जा रही है।''
भाषा धीरज मनीषा
मनीषा
2904 1704 चंडीगढ़