पश्चिम बंगाल में रैलियां और रोड शो किसी तीर्थयात्रा की तरह लगे : प्रधानमंत्री मोदी
दिलीप
- 27 Apr 2026, 08:20 PM
- Updated: 08:20 PM
कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में रैलियों को संबोधित करने और रोड शो में भाग लेने के दौरान उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वे तीर्थयात्रा पर हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि मां काली के भक्तों से प्राप्त दिव्य ऊर्जा और जनता के आशीर्वाद ने उन्हें धुआंधार प्रचार के दौरान शक्ति प्रदान की।
विधानसभा चुनावों के दूसरे और आखिरी चरण के लिए प्रचार के अंतिम दिन पश्चिम बंगाल की जनता को एक ऑडियो संदेश और खुले पत्र में, मोदी ने निवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में अगली सरकार बनाएगी और कहा कि वह "जनता के साथ मिलकर शपथ ग्रहण समारोह का जश्न मनाएंगे"।
उन्होंने कहा, "तेज गर्मी के बीच इतनी सारी रैलियों को संबोधित करने के बावजूद, पश्चिम बंगाल में इस चुनाव प्रचार के दौरान मुझे जरा भी थकान महसूस नहीं हुई। ये रैलियां, ये रोड शो... मुझे ऐसा लगा जैसे मैं किसी तीर्थयात्रा पर हूं।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "जब भी मैं मां काली के भक्तों के बीच जाता था...शायद मां काली स्वयं ही मुझे निरंतर ऊर्जा से भर देती थीं।"
जनवरी 2024 में अयोध्या में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा से पहले हुए अपने आध्यात्मिक अनुभव से तुलना करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव अभियान के दौरान भी उसी दिव्य ऊर्जा का अनुभव किया।
उन्होंने कहा, "अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले, मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान पूरी श्रद्धा से किया था और उपवास रखा था। मुझे लगता है कि उस दौरान भगवान श्री राम ने मुझे असीम ऊर्जा से भर दिया था।"
उन्होंने आगे कहा, "इस चुनाव में भी मुझे वही अनुभूति हुई - जैसे मंदिर में दर्शन करते समय होती है। लोगों को देखकर, जो मानो ईश्वर का अवतार हैं, मुझमें नई ऊर्जा का संचार हुआ।"
मोदी ने कहा कि उन्हें "पश्चिम बंगाल के उत्सव" में भाग लेने और राज्य के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा के रोडमैप को लोगों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा, "आज प्रचार अभियान समाप्त हो रहा है। इस चुनाव प्रचार की मेरी आखिरी रैली भी अभी-अभी संपन्न हुई है। इस पत्र के माध्यम से मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक परिवार के सदस्य के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं और अपनी भावनाएं साझा करना चाहता हूं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि रैलियों और रोड शो के दौरान सभी आयु वर्ग के लोगों द्वारा दिखाया गया स्नेह ही उनके जीवन का "वास्तविक धन" है।
भाजपा की जीत को लेकर अपना विश्वास दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "पश्चिम बंगाल की सेवा और सुरक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। पश्चिम बंगाल के सामने आने वाली हर चुनौती को अवसर में बदलना भी मेरी नियति का हिस्सा है। मैं इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटूंगा... और हम सब मिलकर भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का जश्न मनाएंगे।"
उन्होंने कहा, "यह सिर्फ मेरी निजी राय नहीं है। मैंने आपमें यह आत्मविश्वास महसूस किया है।"
उन्होंने कहा, "चाहे युवा हों, महिलाएं हों या बुजुर्ग, मुझे सभी से स्नेह और आत्मीयता मिली है...मैं आज कहना चाहता हूं कि आपका प्यार और आशीर्वाद ही मेरे जीवन का असली धन है।"
राज्य में राजनीतिक बदलाव के लिए जोरदार पैरवी करते हुए मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के युवा और महिलाएं परिवर्तन के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल के युवा आगे बढ़ना चाहते हैं। पश्चिम बंगाल की हमारी बेटियां खुली हवा चाहती हैं। वे सुरक्षा चाहती हैं।"
मोदी ने कहा, "पश्चिम बंगाल का हर निवासी, हर परिवार एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, और वह यह है कि हमें अब बदलाव लाना होगा। आम आदमी कह रहा है, बहुत हो गया। अब और भय नहीं। अब हमें भरोसा चाहिए। अब हमें भाजपा चाहिए।"
पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि उसने "इतिहास रच दिया है" और मतदाताओं से 29 अप्रैल को होने वाले अगले चरण में बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य में अब तक का सबसे अधिक है।
उन्होंने कहा, "अब 29 अप्रैल को अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना आपकी जिम्मेदारी है। लोकतंत्र के इस मंदिर में विजय का झंडा फहराने का आपके पास सुनहरा अवसर है। हम सब मिलकर पश्चिम बंगाल को विकसित बनाएंगे - यह मोदी का वादा है।"
भाषा
प्रशांत दिलीप
दिलीप
2704 2020 कोलकाता