दिल्ली में भीषण गर्मी, 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज
माधव
- 25 Apr 2026, 09:45 PM
- Updated: 09:45 PM
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी शनिवार को भीषण गर्मी की चपेट में रही और यहां इस साल का अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई मौसम केंद्रों ने 'लू' की स्थिति दर्ज की है, हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार से बुधवार तक बारिश का अनुमान जताया है जिससे दिल्लीवासियों को राहत की उम्मीद है।
शनिवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया था और रविवार के लिए भी इसी तरह का अलर्ट लागू रहेगा, जिसमें अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली के आधिकारिक मानक केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने शनिवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। यह पिछले दिन के मुकाबले 0.9 डिग्री की वृद्धि है, जिससे यह 'लू' की श्रेणी में आ गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, लू तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और वह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक दर्ज किया जाए।
दिल्ली में पिछले चार वर्षों में दर्ज किया गया यह सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले 28 अप्रैल, 2022 को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है।
दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों पर भी अलग-अलग स्थानों पर लू की स्थिति दर्ज की गई। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। रिज केंद्र पर अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री ज्यादा है, जबकि आयानगर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है।
हालांकि, आईएमडी ने शुरुआत में शुक्रवार को इस सीजन की पहली छिटपुट लू के रूप में वर्गीकृत किया था, लेकिन मौसम विभाग ने शनिवार को स्पष्ट किया कि यह लू का लगातार तीसरा दिन था।
आईएमडी के अनुसार, 'लू' तब घोषित की जाती है जब कम से कम दो मौसम केंद्रों पर इसके निर्धारित मानक पूरे होते हैं।
आईएमडी के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हालांकि बृहस्पतिवार को दिल्ली के केवल एक केंद्र पर लू की स्थिति बनी थी, लेकिन यह दो केंद्रों वाला मानक वास्तव में पूरे 'हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली' उप-मंडल के लिए लागू होता है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "बृहस्पतिवार को हरियाणा के रोहतक और दिल्ली के रिज केंद्र पर लू के मानक पूरे हुए थे, जिससे यह इस सीजन का पहला दिन बन गया। शनिवार लू का लगातार तीसरा दिन था।"
इस बीच, मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अधिकारी ने कहा, "ऐसी स्थिति रविवार तक जारी रहने की संभावना है।
निचले क्षोभमंडल में पूर्वी हवाओं के चलने के प्रभाव से मंगलवार को अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है, क्योंकि पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से बहुत हल्की बारिश की संभावना है।"
मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडल स्तर पर चलने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मंगलवार को अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। सोमवार से हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे बुधवार तक गर्मी से राहत मिल सकती है। अगले सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान गिरकर 38-40 डिग्री सेल्सियस तक आने का अनुमान है।
अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 243 (खराब श्रेणी) दर्ज किया गया, जो शुक्रवार को 226 था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को 'गंभीर' माना जाता है।
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अनुमान लगाया है कि सप्ताहांत में एक्यूआई 'खराब' श्रेणी में रहेगा और उसके बाद के दिनों में इसमें सुधार होकर यह 'मध्यम' श्रेणी में आ सकता है।
भाषा सुमित माधव
माधव
2504 2145 दिल्ली