कश्मीर में पर्यटकों का आना सामान्य स्थिति का सही पैमाना नहीं: उमर अब्दुल्ला
शुभम नरेश
- 20 May 2024, 01:28 PM
- Updated: 01:28 PM
श्रीनगर, 20 मई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि पर्यटन को कश्मीर में सुरक्षा स्थिति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए क्योंकि पर्यटकों का आना सामान्य स्थिति का सही पैमाना नहीं है और इससे पर्यटक निशाना बन सकते हैं।
बडगाम में मतदान केंद्रों का दौरा करने के बाद अब्दुल्ला ने संवाददाताओं से कहा कि घाटी में स्थिति "सामान्य नहीं है"। अब्दुल्ला बारामूला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां मतदान चल रहा है।
शोपियां और अनंतनाग में शनिवार को हुए दो हमलों का जिक्र करते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता ने कहा, "हम कहते रहे हैं कि (कश्मीर में) स्थिति सामान्य नहीं है। आतंकवादियों ने बार-बार साबित किया है कि वे जब चाहें हमला कर सकते हैं। दुर्भाग्य से, एक राजनेता, भाजपा के पूर्व सरपंच की जान चली गई और दो पर्यटक (आतंकवादी हमलों में) घायल हो गए।"
उन्होंने कहा, "मैं सरकार से अपील करता हूं कि वह सामान्य स्थिति के बारे में कम बात करे क्योंकि स्थिति सामान्य नहीं है और पर्यटन को सामान्य स्थिति का संकेतक मानने के बारे में भी कम बात करे क्योंकि जब वे सामान्य स्थिति को पर्यटन से जोड़ते हैं, तो वे पर्यटकों को खतरे में डालते हैं।"
शनिवार की रात को कश्मीर में दो जगहों पर आतंकवादियों ने हमला किया। इस हमले में शोपियां के हिरपोरा में पूर्व सरपंच ऐजाज शेख की हत्या कर दी गई और अनंतनाग में राजस्थान से आए पर्यटक दंपत्ति फरहा और उनके पति तबरेज घायल हो गए।
मतदान के बारे में अब्दुल्ला ने कहा कि बारामूला निर्वाचन क्षेत्र के कई इलाकों से रिपोर्ट बहुत अच्छी है।
उन्होंने कहा, ‘‘ लोग बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं और हम उनसे यही उम्मीद करते हैं । एक राजनेता के तौर पर, मैं चाहता हूं कि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान करें और एक उम्मीदवार के रूप में, मैं उम्मीद करता हूं कि वे अधिक से अधिक संख्या में नेशनल कांफ्रेंस और मेरे लिए वोट करें। चार जून को हमें लोगों का फैसला पता चल जाएगा।’’
अब्दुल्ला के अलावा बारामूला से 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अब्दुल्ला को सबसे बड़ी चुनौती अलगाववादी से नेता बने और पूर्व मंत्री सज्जाद लोन से मिल रही है। लोन पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख हैं।
बारामूला लोकसभा क्षेत्र में 17.37 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
भाषा
शुभम