पंजाब: पाकिस्तानी आकाओं को संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के आरोप में किशोर पकड़ा गया
शुभम नरेश
- 06 Jan 2026, 08:31 PM
- Updated: 08:31 PM
चंडीगढ़, छह जनवरी (भाषा) पंजाब के पठानकोट में 15 वर्षीय किशोर को पाकिस्तानी आकाओं से संवेदनशील स्थानों की जानकारी साझा करने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह किशोर जम्मू कश्मीर के पठानकोट के पास स्थित बारी ब्राह्मणा क्षेत्र का रहने वाला है।
पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि किशोर पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ और पाकिस्तान में आतंकी मॉड्यूल संचालित करने के वाले प्रमुख संगठनों के संपर्क में था और देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा कर रहा था।
एसएसपी ने पठानकोट में पत्रकारों को बताया कि पंजाब पुलिस ने उसे सोमवार को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि उसके मोबाइल फोन में पाकिस्तान में स्थित राष्ट्रविरोधी तत्वों और आतंकवादियों के संपर्क नंबर हैं, जिनका मकसद भारत में अशांति फैलाना है।
उसके फोन में भारतीय सेना के ठिकानों से संबंधित संवेदनशील जानकारी, तस्वीरें, वीडियो और जासूसी से संबंधित सामग्री संग्रहीत थी और बताया जा रहा है कि वह जम्मू कश्मीर से आने के बाद पंजाब के माधोपुर इलाके में घूम रहा था।
तदनुसार, शासकीय गोपनीयता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी ने बताया कि लड़का कई सोशल मीडिया मंच का उपयोग करता था और पाकिस्तानी एजेंसियों के जाल में फंस गया। वह पिछले एक साल से उनके संपर्क में था।
उन्होंने बताया कि किशोर कई सोशल मीडिया मंच पर सक्रिय था और इसी दौरान वह पाकिस्तानी आकाओं के जाल में फंस गया तथा पिछले एक वर्ष से उनके संपर्क में था।
एसएसपी ने बताया कि पाकिस्तानी आकाओं ने किशोर के मोबाइल फोन का ‘क्लोन’ बना लिया था। उन्होंने बताया कि तकनीकी रूप से दक्ष किशोर के मोबाइल फोन से ‘क्लोनिंग’ के जरिए जानकारी हासिल की जा रही थी।
एसएसपी ने कहा कि ऐसा अनुमान है कि पाकिस्तानी एजेंसियों और उनके संचालकों ने किशोर द्वारा रणनीतिक स्थानों के वीडियो रिकॉर्ड करते समय सीधे जानकारी प्राप्त की हो क्योंकि उसका फोन हैक हो गया था।
ढिल्लों ने बताया कि किशोर आतंकी मॉड्यूल संचालित करने वाले कई गैंगस्टर के संपर्क में भी था।
उन्होंने कहा, “यदि उसे समय रहते नहीं पकड़ा गया होता, तो भविष्य में वह किसी भी तरह की गतिविधि को अंजाम दे सकता था।”
भाषा
शुभम