शबरिमला सोना चोरी मामले के आरोपियों से ‘माकपा सांसद’ के संबंध की जांच की जाए:यूडीएफ संयोजक
संतोष पवनेश
- 03 Jan 2026, 09:18 PM
- Updated: 09:18 PM
पलक्कड़ (केरल), तीन जनवरी (भाषा) संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) संयोजक अडूर प्रकाश ने शनिवार को मांग की कि शबरिमला स्वर्ण चोरी मामले के मुख्य आरोपी के साथ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद के कथित संबंधों की भी जांच की जानी चाहिए।
हालांकि, प्रकाश ने उस सांसद के नाम का खुलासा करने से इनकार कर दिया।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, पथनमथिट्टा के सांसद एंटो एंटनी और मामले के मुख्य आरोपी उनीकृष्णन पोट्टी के साथ अपनी एक तस्वीर को लेकर वामपंथी दलों और भारतीय जनता पार्टी की आलोचनाओं का सामना कर रहे प्रकाश संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोट्टी उनके निर्वाचन क्षेत्र का रहने वाला है।
प्रकाश ने कहा, “जब वह मुझसे मिला और जान-पहचान बनाई, तब मुझे नहीं पता था कि वह चोर है। उसने शबरिमला में भोजन वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के लिए मुझसे संपर्क किया था।”
उन्होंने बताया कि निमंत्रण के अनुसार उन्होंने शबरिमला में उस कार्यक्रम का उद्घाटन किया था।
उन्होंने कहा, “बाद में वह दिल्ली आया और मुझे बताया कि वह सोनिया गांधी को शबरिमला पूजा का प्रसाद देने आया है। उसके अनुरोध पर मैं सोनिया गांधी से मिलने चला गया।”
प्रकाश ने पोट्टी और गांधी की मुलाकात के लिए किसी भी तरह की व्यवस्था करने से इनकार किया।
यूडीएफ नेता ने कहा कि दिल्ली पहुंचने के बाद पोट्टी ने उनसे संपर्क कर बताया था कि उसे सोनिया गांधी से मुलाकात का समय मिल गया है और एक सांसद के तौर पर उसने मुझे भी आमंत्रित किया था।
प्रकाश ने आरोप लगाया कि वामदलों और भारतीय जनता पार्टी के बीच सेतु का काम करने वाले एक माकपा सांसद की शबरिमला से सोना गायब करने में भूमिका रही है।
प्रकाश ने सवाल किया, “उस व्यक्ति ने पोट्टी से कई बार संपर्क किया। क्या जांच के हिस्से के रूप में उनके द्वारा किये गये फोन की जांच नहीं होनी चाहिए?” जब पत्रकारों ने एक माकपा सांसद का नाम लिया, तो प्रकाश ने पुष्टि करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, “ऐसी कई तस्वीरें हैं, जिनमें मुख्यमंत्री भी कार्यक्रमों का उद्घाटन करते दिख रहे हैं। सभी नेताओं के संबंधों की जांच होनी चाहिए।”
प्रकाश ने कहा कि वह अपने खिलाफ किसी भी जांच का स्वागत करते हैं।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोनिया गांधी के साथ मुख्य आरोपी उनीकृष्णन पोट्टी की तस्वीर का मुद्दा कई बार उठाया है। माकपा और भाजपा नेताओं ने भी शबरिमला मंदिर से सोना गायब होने के मामले में सोनिया गांधी के खिलाफ जांच की मांग की है।
हालांकि प्रकाश ने वामपंथी सांसद का नाम नहीं लिया, लेकिन खबरें सामने आईं कि कांग्रेस नेता माकपा के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास की ओर इशारा कर रहे थे।
शाम को ब्रिटास ने शबरिमला सोना चोरी के मामले में यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता शायद अपनी ही पार्टी के सदस्यों पर उंगली उठा रहे हैं।
ब्रिटास ने पत्रकारों से कहा कि प्रकाश ने ‘बेबुनियाद’ आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने खुद को मजाक का पात्र बना लिया है। झूठे दावे करते समय भी कुछ तर्क तो होना चाहिए।’’
उन्होंने प्रकाश पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को विवाद में घसीटने का आरोप लगाया।
उन्होंने पूछा, ‘‘क्या 10 जनपथ ऐसी जगह है जहां कोई भी जा सकता है? सोनिया गांधी को अब भी जेड-प्लस सुरक्षा मिली हुई है। यहां तक कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भी उनसे मिलने का समय आसानी से नहीं मिलता। आरोपी उनसे मिलने में कामयाब कैसे हुए?’’
ब्रिटास ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी अय्यप्पा भक्त नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह हैं, तो उन्होंने कभी शबरिमला की यात्रा क्यों नहीं की?”
माकपा सांसद ने कहा, “मैं पोट्टी को नहीं जानता, लेकिन मैं प्रकाश को जानता हूं, जो उसका समर्थन करते हुए प्रतीत होते हैं। अगर मैं पोट्टी से मिला भी होता, तो एकमात्र संभावना यही है कि प्रकाश ने ही उसका परिचय कराया हो।’’
ब्रिटास ने कहा कि प्रकाश का यह दावा कि पोट्टी ने एक माकपा नेता से संपर्क किया था, यह संकेत देता है कि आरोपी का फोन वास्तव में एक कांग्रेस नेता के पास था।
भाषा संतोष