बंगाल की महिलाओं के आत्मसम्मान और गरिमा से खिलवाड़ न करें प्रधानमंत्री मोदी: ममता
जोहेब नेत्रपाल
- 13 May 2024, 09:51 PM
- Updated: 09:51 PM
बोंगांव/बैरकपुर (पश्चिम बंगाल), 13 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि वह अत्याचारों के बारे में "झूठे दावे" करके राज्य की महिलाओं के आत्म-सम्मान और गरिमा के साथ खिलवाड़ न करें।
बोंगांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख बनर्जी ने कहा कि मोदी को यह ध्यान रखना चाहिए कि पश्चिम बंगाल की स्थिति भाजपा शासित राज्यों जैसी नहीं है।
उन्होंने कहा, ''महिलाओं के आत्मसम्मान के साथ न खेलें, हमारी माताओं और बहनों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने की साजिश न रचें।''
प्रधानमंत्री ने रविवार को अपनी जनसभाओं में आरोप लगाया कि टीएमसी संदेशखालि में कुकर्मों को छिपाने की कोशिश कर रही है, जहां टीएमसी नेताओं पर यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने का आरोप लगा है।
हालांकि, हाल में सामने आए एक वीडियो में संदेशखालि के एक भाजपा नेता को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया था कि नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के इशारे पर महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था और इस “पूरी साजिश” में उनका हाथ था।
ऐसे ही एक अन्य वीडियो में बलात्कार की शिकायत दर्ज कराने वाली महिलाओं के एक वर्ग ने कथित तौर पर दावा किया कि भाजपा नेताओं ने उनसे एक कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराए और थाने जाने के लिए मजबूर किया।
हालांकि ‘पीटीआई-भाषा’ इन वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता।
बनर्जी ने कहा, "हमारी महिलाओं को हाथ न लगाएं, यह आपका उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश नहीं है। बंगाल में महिलाएं सम्मान और गरिमा के साथ रहती हैं।"
उन्होंने कहा, “कोई कल्पना नहीं कर सकता कि भाजपा एक महिला को यौन दुराचार के झूठे आरोप लगाने के लिए 2000 रुपये की पेशकश करके इतना नीचे गिर सकती है। उन्होंने (भाजपा) बंगाल की महिलाओं को बदनाम किया।''
इच्छापुर में दूसरी चुनावी सभा में बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद और उम्मीदवार अर्जुन सिंह के बेटे ने रविवार को एक रैली में नरेन्द्र मोदी को रबीन्द्रनाथ टैगोर की उल्टी तस्वीर पकड़ाकर बंगाल की जनता की भावनाओं का अपमान किया।
उन्होंने कहा, "भाजपा ने टैगोर का अपमान किया है और राज्य की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।"
भाषा जोहेब