हिंदू-मुस्लिम दंगे भड़काना चाहती हैं ममता: भाजपा
अमित रंजन
- 20 Dec 2025, 07:54 PM
- Updated: 07:54 PM
नयी दिल्ली, 20 दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच दंगे भड़काना चाहती हैं। भाजपा साथ ही बनर्जी पर अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की हार को देखते हुए सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
टीएमसी विधायक मदन मित्रा की भगवान राम के बारे में कथित टिप्पणी पर बनर्जी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि टीएमसी नेता उनके इशारों पर हिंदू देवी-देवताओं और आस्था के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।
भाटिया ने भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘टीएमसी विधायक मदन मित्रा ने कहा कि प्रभु राम मुस्लिम हैं, हिंदू नहीं। उनके इस बयान से करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुईं, लेकिन ममता बनर्जी इस पर चुप हैं।’’
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया, ‘‘क्या उन्होंने मदन मित्रा को अपनी पार्टी से निकाल दिया? क्या उनके खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज हुई?" उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह दिखाता है कि ममता बनर्जी कैसे सांप्रदायिक राजनीति कर रही हैं। वह हिंदू-मुस्लिम दंगे भड़काना चाहती हैं।’’
भाटिया ने आरोप लगाया कि बनर्जी अपनी पार्टी के नेताओं को एक खास समुदाय को खुश करने के लिए ऐसे "सांप्रदायिक बयान" देने के "निर्देश" दे रही हैं, क्योंकि उन्हें एहसास हो गया है कि अगले साल राज्य विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी हारने वाली है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ शांति और अमन-चैन सुनिश्चित करना बनर्जी की जिम्मेदारी है, क्योंकि राज्य का गृह विभाग उन्हीं के तहत है। सांप्रदायिक बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना भी उनकी जिम्मेदारी है।’’
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि वोट के लिए टीएमसी प्रमुख की तुष्टीकरण की राजनीति उनके पिछले बयानों और कृत्यों से साफ जाहिर है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब 2019 में किसी ने उन्हें 'जय श्री राम' कहकर अभिवादन किया, तो वह गुस्से में अपनी कार से बाहर आईं और कहा, ‘मैं तुम्हारी खाल उतार दूंगी’। हमने यह भी देखा कि कैसे उन्होंने 'महाकुंभ' को 'मृत्यु कुंभ' कहा।’’
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया, ‘‘ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के नेता हिंदू मान्यताओं और आदर्शों का सम्मान क्यों नहीं करते? क्या उनमें या उनकी पार्टी के किसी नेता में किसी दूसरे धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने की हिम्मत है?’’
भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘ममता बनर्जी हिंदुओं को दूसरे दर्जे का नागरिक मानती हैं’’ और कहा कि अगले साल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में लोग सत्ताधारी टीएमसी को करारा जवाब देंगे।
भाषा अमित