असम कांग्रेस 20 दिसंबर से जन संपर्क कार्यक्रम शुरू करेगी: गौरव गोगोई
देवेंद्र सुरेश
- 19 Dec 2025, 09:02 PM
- Updated: 09:02 PM
गुवाहाटी, 19 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि कांग्रेस शनिवार से पूरे राज्य में नागरिकों, हितधारकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधे जुड़ने के लिए एक जन संपर्क कार्यक्रम शुरू करेगी।
अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले की गई यह पहल, ‘रायजोर पोडुलित, रायजोर कांग्रेस’ (जनता के द्वार पर जनता की कांग्रेस) नामक जारी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य एक राज्यव्यापी परामर्श प्रक्रिया के माध्यम से ‘‘जन-प्रेरित घोषणापत्र’’ बनाना है।
गोगोई ने शुक्रवार को कहा कि परामर्श की शुरुआत असम में उच्च शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के साथ होगी, जिसमें गुणवत्ता, अनुसंधान और नवाचार से संबंधित मुद्दों को उठाया जायेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले कदम के रूप में, हम असम की उच्च शिक्षा प्रणाली पर मार्गदर्शन और सुझाव मांग रहे हैं, जो मानव संसाधन विकास से निकटता से जुड़ी हुई है।’’
कांग्रेस सांसद ने कहा कि राज्यभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों के साथ उनकी बातचीत से पता चलता है कि गुणवत्ता में सुधार, अनुसंधान और नवाचार को मजबूत करने और छात्रों को आत्मनिर्भर बनने के लिए सशक्त बनाने के वास्ते अब भी महत्वपूर्ण काम करने की आवश्यकता है।
परामर्श सत्र पांच समानांतर क्षेत्रीय दलों के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से प्रत्येक को बसों के माध्यम से भौगोलिक रूप से अनुकूलित मार्ग सौंपा जाएगा, ताकि ऊपरी असम, मध्य असम, बराक घाटी, बोडोलैंड, पहाड़ी जिलों और निचले असम में व्यापक क्षेत्रों को शामिल किया जाना सुनिश्चित किया जा सके।
गोगोई ने बताया कि इस उद्देश्य के लिए कुल पांच बसों को तैयार रखा गया है।
एक समन्वय टीम जमीनी स्तर पर होने वाले कार्यों की निगरानी और सहायता करेगी, जिसमें प्रत्येक जिले के लिए एक पूरा दिन निर्धारित किया गया है और प्रत्येक टीम प्रतिदिन एक जिले को कवर करेगी।
गोगोई ने कहा कि व्यापक और समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नागरिकों को ऑनलाइन अपने विचार प्रस्तुत करने में सक्षम बनाने के लिए एक समर्पित डिजिटल मंच की शुरुआत की है।
गोगोई ने असम के लोगों से राज्य के भविष्य को आकार देने में भागीदार बनने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “हम एक ऐसे राज्य की कल्पना करते हैं जहां किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सभी लोगों की आकांक्षाएं प्रतिबिंबित हों। डिजिटल युग में हर व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से मिलना संभव नहीं है, इसलिए यह मंच हमें सभी से जुड़ने की सुविधा देता है।’’
भाषा देवेंद्र