कालेश्वरम परियोजना में अनियमितताओं की जांच के बिना भाजपा पर दोष मढ़ रही तेलंगाना सरकार: रेड्डी
जोहेब प्रशांत
- 05 Nov 2025, 06:31 PM
- Updated: 06:31 PM
हैदराबाद, पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बुधवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पिछली बीआरएस सरकार के दौरान कालेश्वरम परियोजना में हुई कथित अनियमितताओं की जांच शुरू करने के बजाय भाजपा पर दोष मढ़ने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “परियोजना में हुईं कथित अनियमितताओं की जांच करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।”
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया, “राहुल गांधी ने उनकी गिरफ्तारी से इनकार करते हुए कहा कि बीआरएस हमारा दोस्त है। इसीलिए वे भाजपा पर आरोप लगाने की कोशिश कर रहे हैं। वे भ्रष्टाचार की जांच नहीं चाहते।”
उन्होंने कहा, “वे (राष्ट्रीय) बांध सुरक्षा प्राधिकरण और (पहले इस मुद्दे की जांच करने वाले) घोष आयोग द्वारा उठाए गए तकनीकी मुद्दों की ही जांच करके खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।”
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि भाजपा और बीआरएस के बीच "एक-दूसरे के प्रति गहरा लगाव" है। उन्होंने केंद्र सरकार पर बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव को बचाने का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री ने 11 नवंबर को होने वाले जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सवाल उठाया था कि पिछली बीआरएस सरकार की कालेश्वरम परियोजना में कथित अनियमितताओं के संबंध में सीबीआई ने अब तक प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज की है।
उन्होंने यह दावा भी किया कि फॉर्मूला ई रेस मामले में बीआरएस नेता के टी रामाराव पर मुकदमा चलाने की अनुमति मांगने से जुड़ी फाइल पिछले दो महीने से राज्यपाल के पास लंबित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता चंद्रशेखर राव को "बचाने" की कोशिश कर रहे हैं।
कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना का उद्देश्य गोदावरी नदी के पानी को सिंचाई, पेयजल और औद्योगिक उद्देश्यों के लिए मोड़ना था।
फॉर्मूला ई रेस फरवरी 2023 में हैदराबाद में आयोजित की गई थी। हालांकि 2024 के लिए एक और संस्करण की योजना बनाई गई थी, लेकिन दिसंबर 2023 में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था।
बीआरएस नेता के. टी. रामाराव के खिलाफ जांच लगभग 55 करोड़ रुपये के भुगतान में कथित अनियमितताओं से संबंधित है - जिसमें से अधिकांश भुगतान विदेशी मुद्रा में किया गया था।
भाषा जोहेब