जम्मू-कश्मीर : जेल में बंद अलगाववादी नेता नईम खान के भाई ने बारामूला लोकसभा सीट से किया नामांकन
जोहेब माधव
- 03 May 2024, 06:26 PM
- Updated: 06:26 PM
बारामूला (जम्मू-कश्मीर), तीन मई (भाषा) जेल में बंद अलगाववादी नेता नईम खान के भाई मुनीर खान ने जम्मू-कश्मीर की बारामूला लोकसभा सीट से शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किए, जिसपर पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है।
नईम खान को 24 जुलाई 2017 को आतंकवाद से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया था। नईम ने जम्मू-कश्मीर नेशनल फ्रंट का नेतृत्व किया था, जिसपर सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम के तहत प्रतिबंध लगा दिया था।
मुनीर खान दो साल पहले गठित जम्मू-कश्मीर नेशनल पीपुल्स फ्रंट पार्टी के सदस्य हैं और उन्होंने बारामूला लोकसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी व बारामूला के उपायुक्त मिंगा शेरपा के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष और अलगाववादी से मुख्यधारा के नेता बने सज्जाद लोन, पूर्व राज्यसभा सदस्य और पीडीपी नेता मीर फयाज और जेल में बंद पूर्व विधायक शेख अब्दुल रशीद उर्फ इंजीनियर रशीद ने भी इस सीट से नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
इस सीट से नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख तीन मई है, जबकि मतदान 20 मई को होना है।
नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुनीर खान ने कहा कि अगर वह निर्वाचित हुए तो तीन 'ई' - एजुकेशन (शिक्षा), इकॉनोमी (अर्थव्यवस्था) और एम्पलॉयमेंट (रोजगार) - ध्यान केंद्रित करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट रूप से आतंकवाद और अलगाववाद का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था जब "हमारा समाज" पूरी तरह एक दिशा में चला गया था।
उन्होंने कहा, “हम सभी ने अतीत में गलतियां की हैं। हमारे युवा विशेष रूप से इसमें शामिल थे, उनके खिलाफ कई प्राथमिकी हैं, उनपर पत्थरबाज और पूर्व आतंकवादी होने का ठप्पा लगा। ऐसा नहीं है कि बहुत कम आबादी इससे जुड़ी थी, लाखों लोग जुड़े थे।”
उन्होंने कहा, “जब तक हम उस मूल मुद्दे पर ध्यान नहीं देते, हम विकास या 'नए' कश्मीर के बारे में कैसे बात कर सकते हैं? ऐसे लोगों, विशेषकर युवाओं को मुख्यधारा में लाए बिना प्रगति कैसे संभव है?”
यह पूछे जाने पर कि क्या वह जेल से बाहर आने पर अपने भाई नईम खान को मुख्यधारा में शामिल होने के लिए मनाएंगे, तो मुनीर खान ने कहा कि नईम की अपनी विचारधारा है।
भाषा जोहेब