भाजपा नेता अनिल विज ‘एक्स’ पर अपने परिचय में बदलाव करने पर पार्टी समर्थकों के निशाने पर आए
राजकुमार दिलीप
- 08 Apr 2024, 10:39 PM
- Updated: 10:39 PM
(फाइल फोटो के साथ)
चंडीगढ़, आठ अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के वरिष्ठ नेता अनिल विज सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने प्रोफाइल में बदलाव करने को लेकर पार्टी समर्थकों के निशाने पर हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ प्रोफाइल में बदलाव करते हुए अपने नाम के साथ पूर्व मंत्री के रूप में अपना परिचय दिया है, जिससे ‘मोदी का परिवार’ टैगलाइन उनके नाम के काफी बाद में दिख रहा है।
पहले यह टैगलाइन उनके नाम के तत्काल बाद आती थी। अब उसमें यह लिखा हुआ है, ‘‘ अनिल विज, पूर्व गृह मंत्री , हरियाणा, भारत।’’ ‘मोदी का परिवार’ टैगलाइन अब उसके बाद दूसरी पंक्ति में है।
विज ने सोमवार को इन बदलावों को यह कहते हुए सही ठहराया कि वह ‘मोदी के परिवार’ का हिस्सा हैं तथा वह ‘भाजपा के कट्टर भक्त’ हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में एक आश्चर्यजनक कदम के तहत मनोहर लाल खट्टर को हटाते हुए नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया। नायब सिंह मंत्रिमंडल में विज को जगह नहीं मिली। वह मनोहर लाल खट्टर मंत्रिमंडल में शामिल थे।
विज सैनी के शपथ ग्रहण समारोह से भी दूर रहे तथा उन्होंने लोकसभा चुनाव में अपना प्रचार अभियान अंबाला छावनी निर्वाचन क्षेत्र तक सीमित कर लिया है। हालांकि, उनका कहना है कि वह नये मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से नाखुश नहीं हैं।
अपने ‘एक्स’ प्रोफाइल में बदलाव के बारे में भाजपा नेता विज ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ जैसा कि आप जानते हैं कि अब मैं पूर्व मंत्री हैं। जब मैं यह स्पष्ट करने के लिए ‘एक्स’ पर अपने परिचय में बदलाव कर रहा था कि मैं अब एक पूर्व मंत्री हूं, तो जैसे ही मैंने पूर्व गृहमंत्री शब्द जोड़े, तो शब्द सीमा बढ़ गयी । तब मैंने परिचय में इसे (मोदी का परिवार) थोड़ा नीचे कर दिया।’’
उन्होंने विवाद उत्पन्न होने के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भी ऐसी ही सफाई दी है।
जब विज से पूछा गया कि क्या वह लोकसभा चुनाव के वास्ते पूरे हरियाणा में प्रचार करेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘मेरा कार्यक्षेत्र अंबाला छावनी है और मैं अन्य स्थानों की तुलना में यहां बेहतर परिणाम दूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं भाजपा का बस एक छोटा कार्यकर्ता हूं। मैं अंबाला छावनी से छह बार का विधायक हूं और यह मेरा कार्य क्षेत्र है, जहां मैं अपना काम कर रहा हूं।’’
भाषा
राजकुमार