दिल्ली में लूटपाट के आरोप में पीड़ित के बहनोई समेत तीन लोग गिरफ्तार, लूट का बैग निकला खाली
माधव
- 27 May 2026, 05:32 PM
- Updated: 05:32 PM
(शीर्षक, इंट्रो में सुधार के साथ रिपीट)
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके में लूट की साजिश रचने और चाकू की नोक पर उसे अंजाम देने के आरोप में पीड़ित के बहनोई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है हालांकि बाद में पता चला कि लूटा गया बैग खाली था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को यह बात मालूम थी कि पीड़ित कश्मीरी गेट स्थित एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान के लिए नकदी एकत्र करने के मकसद से नियमित तौर पर बाहर जाता था।
उन्होंने बताया कि यह घटना 21 मई को तब घटी जब कराला निवासी शिकायतकर्ता शरद कुमार ठाकुर अपने नियोक्ता के लिए नकदी लाने के वास्ते रोहिणी सेक्टर-सात गए थे।
पुलिस के अनुसार, बाद में उन्हें रोहिणी सेक्टर-18/19 मेट्रो स्टेशन पहुंचने के फोन पर निर्देश मिले। जब वह अपने स्कूटर से एक ट्रैफिक सिग्नल पर पहुंचे, तो एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर उनके वाहन की ओर झपटा और उनकी पीठ पर चाकू रखकर उन्हें दिव्या ज्योति अपार्टमेंट्स की ओर जाने के लिए मजबूर किया।
अधिकारी ने बताया कि इसके तुरंत बाद, स्कूटर पर सवार एक अन्य आरोपी ने उन्हें रोका, शिकायतकर्ता को काबू में किया और उनका मोबाइल फोन, चाबियां और एक काला बैग छीनकर भाग गया।
हालांकि, आरोपियों को जल्द ही पता चल गया कि बैग खाली था। पुलिस ने बताया कि हताश होकर उन्होंने पीड़ित का मोबाइल फोन और चाबियां फेंक दीं।
जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी और अपराध में इस्तेमाल किए गए स्कूटर की पहचान की। पुलिस ने बताया कि स्कूटर के मालिक प्रशांत वर्मा उर्फ अनुज (40) का पता लगाया गया और उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने लूट की योजना बनाने की बात कबूल की।
वर्मा, जो शिकायतकर्ता का बहनोई निकला, इस बात से अवगत था कि ठाकुर अक्सर बड़ी मात्रा में नकदी ले जाता था। उसने कथित तौर पर अपने साथियों हर्ष उर्फ हर्षित (26) और नीतीश कश्यप उर्फ यश (22) के साथ मिलकर ठाकुर को लूटने की साजिश रची थी।
पुलिस ने बताया कि योजना के अनुसार, हर्ष और नीतीश ने कथित तौर पर डकैती को अंजाम दिया, जबकि वर्मा इस पूरे अभियान पर नजर रखने के लिए कार में उनका पीछा कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि वर्मा दिल्ली के मोहन गार्डन का निवासी है, जबकि हर्ष और नीतीश, दोनों मूलत: लखनऊ के हैं और नोएडा में रहते हैं।
पुलिस ने चोरी किए गए बैग के साथ-साथ अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू और स्कूटर बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन बरामद करने के लिए जांच जारी है।
भाषा तान्या माधव
माधव
माधव
2705 1732 दिल्ली