केरल में 'ऑपरेशन तूफान' के तहत 10 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त, 2,778 गिरफ्तार
दिलीप
- 16 Jun 2026, 08:05 PM
- Updated: 08:05 PM
तिरुवनंतपुरम, 16 जून (भाषा) केरल में राज्यव्यापी मादक पदार्थ विरोधी अभियान 'ऑपरेशन तूफान' के शुरुआती 15 दिनों के दौरान 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए हैं तथा इस सिलसिले में 2,778 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
चेन्निथला ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 2,575 मामले दर्ज किए गए हैं। यह अभियान केरल पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य सरकारी विभागों के सहयोग से संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है।
उन्होंने यहां पुलिस मुख्यालय में विभिन्न एजेंसियों की समन्वय बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
राज्य के गृह मंत्री ने कहा कि जब्त की गई सामग्री में एमडीएमए, गांजा, हशीश तेल, ब्राउन शुगर, एलएसडी स्टैम्प और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की विभिन्न मात्रा शामिल हैं, जिनका अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में दर्ज कुल मामलों में से 838 छोटे स्तर की मादक पदार्थ बरामदगी से संबंधित हैं, 78 मामले मध्यम मात्रा के हैं और 24 मामलों में व्यावसायिक स्तर की मात्रा बरामद हुई है।
चेन्निथला ने कहा कि सरकार ने विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग और समर्थन से 'ऑपरेशन तूफान' को और तेज करने का निर्णय लिया है।
बैठक में खुफिया ब्यूरो (आईबी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), सीमा शुल्क विभाग और समुद्री प्रवर्तन इकाई सहित कई एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को पहले ही उन मार्गों और स्रोतों के संबंध में विशेष जानकारी मिल चुकी है, जिनके जरिए मादक पदार्थ केरल पहुंच रहे हैं और जांच जल्द ही इस तस्करी नेटवर्क के प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं तक पहुंच जाएगी।
गृह मंत्री ने कहा, ''भविष्य की जांच और प्रवर्तन गतिविधियों में आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपकरणों का पूरा इस्तेमाल किया जाएगा। मादक पदार्थ विरोधी अभियानों को और अधिक वैज्ञानिक ढंग से मजबूत करने तथा इस समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए बहु-एजेंसी डिजिटल एकीकृत परियोजना की भी योजना बनाई जा रही है।''
उन्होंने बताया कि अभिनेता मोहनलाल 'तूफान वॉरियर्स' पहल के तहत मादक पदार्थ विरोधी अभियान से जुड़ गए हैं।
चेन्निथला ने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक मादक पदार्थ माफिया का पूरी तरह उन्मूलन नहीं हो जाता और केरल को नशीले पदार्थों के खतरे से मुक्त नहीं कर दिया जाता।
केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता संभालने के तुरंत बाद गृह विभाग ने 'ऑपरेशन तूफान' की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य समन्वित प्रवर्तन, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और जनभागीदारी के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन पर रोक लगाना है।
इस अभियान के तहत राज्य और केंद्र की अनेक एजेंसियां आपूर्ति श्रृंखलाओं की पहचान करने, तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के उपायों को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप
1606 2005 तिरुवनंतपुरम