मेरे लिए बल्लेबाजी में बुनियादी बदलाव करना आसान नहीं था: पडिक्कल
पंत
- 06 Apr 2026, 12:55 PM
- Updated: 12:55 PM
(जी उन्नीकृष्णन)
बेंगलुरु, छह अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने सफेद गेंद के प्रारूपों में अपने अच्छे प्रदर्शन का श्रेय अपने 'कंफर्ट जोन' (आरामदायक दायरे) से बाहर निकलने और अपनी बल्लेबाजी में बुनियादी बदलाव करने को दिया।
देवदत्त ने आईपीएल के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 61 रन बनाने के बाद रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 50 रन बनाए। आरसीबी ने यह मैच 43 रन से जीता।
देवदत्त ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ''कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर मुझे इस मुकाम तक पहुंचने में मदद मिली। बल्लेबाजी में बदलाव करना आसान नहीं था क्योंकि क्रिकेट के इस प्रारूप के लिए मुझे अपनी बुनियाद को पूरी तरह से बदलना पड़ा।''
उन्होंने कहा, ''यह बदलाव मुझे जानबूझकर करना पड़ा और आरसीबी और सहयोगी स्टाफ ने मेरा मार्गदर्शन करके बहुत मदद की।''
लेकिन क्या टी20 के एक आयामी होने का खतरा है क्योंकि सभी बल्लेबाज अपने पावर हिटिंग कौशल को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं?
इस सवाल पर देवदत्त ने कहा, ''मुझे ऐसा नहीं लगता, क्योंकि इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजी का स्तर काफी बढ़ गया है। मुझे लगता है कि हर कोई बड़े छक्के और चौके लगाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है और अब गेंदबाजों की जिम्मेदारी है कि वे भी उसी राह पर चलते हुए अपने खेल का स्तर ऊपर ले जाएं।''
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का मानना है कि गेंदबाज जल्द ही वापसी करेंगे।
देवदत्त ने कहा, ''मुझे पूरा भरोसा है कि सभी गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करेंगे और जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, विकेट भी थोड़े धीमे होने लगेंगे और चीजें बदल जाएंगी।''
इसके बावजूद उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी टिम डेविड के पावर-हिटिंग कौशल की प्रशंसा की, जिन्होंने 25 गेंदों में 70 रन बनाकर सीएसके के गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर दिया था।
देवदत्त ने कहा, ''हम उन्हें अभ्यास के दौरान प्रतिदिन ऐसा करते हुए देखते हैं और वह जिस भी गेंद का सामना करते हैं, उसे छक्का मारने की कोशिश करते हैं। वह खेल के जिस चरण में बल्लेबाजी के लिए आते हैं उस समय उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है और उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में अपनी इस भूमिका को अच्छी तरह से निभाया है।''
भाषा
पंत
पंत
पंत
0604 1255 बेंगलुरु