सिनेमाघर भगदड़ मामला: हैदराबाद पुलिस ने गलत सूचना, वीडियो साझा करने को लेकर चेताया
खारी पवनेश
- 25 Dec 2024, 03:41 PM
- Updated: 03:41 PM
हैदराबाद, 25 दिसंबर (भाषा) हैदराबाद पुलिस ने बुधवार को चेतावनी जारी कर कहा कि ‘संध्या’ सिनेमाघर में हुई भगदड़ की घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर गलत सूचना प्रसारित करने या भ्रामक वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उसके संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों ने इस तरह के फर्जी वीडियो पोस्ट किए हैं जिनमें दावा किया गया है कि चार दिसंबर को अभिनेता अल्लू अर्जुन के सिनेमाघर में पहुंचने से पहले ही भगदड़ मच गई थी।
पुलिस ने कहा कि उसने जांच के बाद सामने आए ‘‘तथ्यों’ का एक वीडियो पूर्व में जारी किया है।
पुलिस ने कहा, ‘‘हालांकि, हमारे संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए हैं जिनमें दावा किया गया कि भगदड़ अल्लू अर्जुन के पहुंचने से पहले मची थी। जानबूझकर गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।’’
पुलिस ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है और ऐसे में जानबूझकर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेगी।
लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील करते हुए पुलिस ने आग्रह किया कि अगर किसी के पास इस मामले से संबंधित सबूत या अतिरिक्त जानकारी है तो वे उन्हें दे सकते हैं।
हैदराबाद के संध्या थिएटर में चार दिसंबर को भगदड़ के दौरान 35 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई थी और उसका आठ वर्षीय बेटा घायल हो गया था जो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
घटना के बाद, हैदराबाद पुलिस ने मृतक महिला के परिवार द्वारा दी गई एक शिकायत के आधार पर चिक्कड़पल्ली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
अल्लू अर्जुन का नाम आरोपी नंबर 11 के रूप में दर्ज किया गया था। उन्हें महिला की मौत के सिलसिले में 13 दिसंबर को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तेलंगाना उच्च न्यायालय ने उसी दिन अभिनेता को चार सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी थी और उन्हें 14 दिसंबर की सुबह यहां जेल से रिहा कर दिया गया।
इस मामले के सिलसिले में हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को अभिनेता से तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।
भाषा
खारी