बदायूं में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, रिश्तेदार समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
खारी
- 29 Aug 2026, 03:13 PM
- Updated: 03:13 PM
बदायूं (उप्र), 29 अगस्त (भाषा) बदायूं जिले में पुलिस हिरासत में कथित तौर पर तबीयत बिगड़ने से एक युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है, हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को अटसेना गांव में एक भोज के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई जिसमें एक पक्ष के कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। वहीं, दूसरे पक्ष के राजेश (28) को शांति भंग की आशंका में पाबंद कर पूछताछ के लिए दातागंज थाने लाया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे राजेश थाने के शौचालय गया था और वहां से लौटने के बाद वह अचानक गिर पड़ा। पुलिसकर्मी उसे दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई।
सीएचसी के चिकित्सक रितेश भसीन ने बताया कि राजेश को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।
चिकित्सक के अनुसार, उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे।
हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया कि राजेश की मौत थाने में ही हो गई थी और पुलिस ने अस्पताल को घटना की सही जानकारी नहीं दी।
परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस ने किसी परिजन को उसके साथ अस्पताल नहीं भेजा।
पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि थाने के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में राजेश पहले फर्श पर लेटा हुआ, फिर उठकर शौचालय जाते और वहां से लौटने के बाद गिरता दिखाई दे रहा है।
एसएसपी ने बताया कि चिकित्सकों के एक दल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है और शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले।
उन्होंने कहा, ''सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट है कि राजेश के साथ मारपीट या प्रताड़ना नहीं हुई।''
एसएसपी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, घटना के एक दिन बाद राजेश के भाई की तहरीर पर उसके ममेरे भाई रघुवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार राजेश के भाई की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में उसके ममेरे भाई रघुवीर के साथ हुए विवाद का जिक्र किया गया है, इसी तहरीर के आधार पर अब रघुवीर समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अटसेना गांव में मंदिर पर भंडारे के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी, इसी मामले में पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आई थी।
दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को चोट लगी थी, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा था और राजेश का शांति भंग की कार्रवाई में चालान किया गया था।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी
2908 1513 बदायूं