दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में 2011 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज, शुक्रवार को दिनभर हुई वर्षा
दिलीप
- 07 Aug 2026, 10:38 PM
- Updated: 10:38 PM
नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में 2011 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। महीने के पहले सात दिनों में 127 मिलीमीटर बारिश हुई। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में पूरे दिन लगातार बारिश होती रही।
कई मौसम केंद्रों ने दिनभर में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार को शहर में अगस्त के पहले सप्ताह में 15 वर्षों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई।
कई मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने से सामान्य से अधिक वर्षा हुई, जिससे तापमान भी औसत से काफी कम हो गया।
आईएमडी ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे के बीच मयूर विहार में 24 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, इसके बाद पुष्प विहार में 19 मिमी, प्रगति मैदान में 12.5 मिमी और छतरपुर में 10.5 मिमी बारिश हुई।
अपेक्षाकृत कम बारिश वाले इलाकों में पूसा में पांच मिमी, नजफगढ़ और पीतमपुरा में चार मिमी, नारायणा में 2.5 मिमी, झरोदा कलां में एक मिमी और जाफरपुर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दिनभर में दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार में सबसे अधिक 111.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद छतरपुर में 104.5 मिमी बारिश हुई।
अन्य स्थानों पर भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। आया नगर में 87.4 मिमी, पालम में 73.5 मिमी, जनकपुरी में 68 मिमी, झरोदा कलां में 67 मिमी, पूसा में 59.5 मिमी, सफदरजंग में 57.3 मिमी, नारायणा में 53 मिमी, रिज में 49.6 मिमी, लोधी रोड में 49.3 मिमी, मयूर विहार में 36 मिमी, नजफगढ़ में 24 मिमी और जाफरपुर में 13.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, भारी बारिश का मुख्य कारण मानसून ट्रफ का सक्रिय होना, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के साथ बना कम दबाव का क्षेत्र, और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला एक पश्चिमी विक्षोभ है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "कल से दिल्ली में बारिश, सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण हो रही है, जो दिल्ली तथा उत्तर और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों से गुजरते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। कल से दिल्ली में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है, और अगले दो दिनों के दौरान शहर में हल्की बारिश होने की संभावना है।"
दिन में इससे पहले मौसम कार्यालय ने पूर्वानुमान जारी किया था कि आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दिन में भारी बारिश हो सकती है। पूरे दिन मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई थी। बारिश का दौर 10 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप
0708 2238 दिल्ली