बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही : तेजस्वी
पवनेश
- 06 Aug 2026, 09:21 PM
- Updated: 09:21 PM
पटना, छह अगस्त (भाषा) राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था "पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है" और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को राज्य में हर दिन होने वाली हत्या, बलात्कार, छेड़छाड़ या अन्य अपराधों की कोई परवाह नहीं है।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता ने कहा, "बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। राज्य सरकार इसे संभालने में बुरी तरह नाकाम रही है। राजग नेता अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं।"
यादव ने दावा किया कि राज्य में सत्ता संभालने वाले लोग इन अपराधों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
पटना के जक्कनपुर इलाके के छोटे व्यापारी 25 वर्षीय बंटी यादव के कथित अपहरण और हत्या का मुद्दा उठाते हुए, यादव ने पीड़ित की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी की मांग की।
संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने मृतक के दो बच्चों की 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए परिवार को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा और राज्य सरकार से उनकी आगे की पढ़ाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
यादव ने कहा, "सरकार के किसी भी व्यक्ति ने, जिसमें दो उपमुख्यमंत्री भी शामिल हैं, बंटी यादव के शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात नहीं की। राजद ने पहल की और अब परिवार को न्याय दिलाने के लिए लड़ रही है।"
छह जुलाई को, बंटी यादव को भीड़-भाड़ वाले करबिगहिया/पटना जंक्शन इलाके से कथित तौर पर अगवा कर लिया गया था।
यादव के परिवार ने हालांकि तुरंत अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल और प्रभावी कार्रवाई नहीं की। अपहरण के पांच दिन बाद यादव का शव अथमलगोला क्षेत्र से बरामद किया गया।
यादव ने डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी विमल कुमार की हालिया मौत के बारे में भी बात की और कहा, "पुलिस मामले की ठीक से जांच नहीं कर रही है, और मुख्यमंत्री खुद और सरकार स्थानीय विधायक को बचा रहे हैं। इस घटना में विधायक की भूमिका की भी पुलिस द्वारा जांच की जानी चाहिए।"
बिहार के औरंगाबाद जिले में एक अगस्त को विमल कुमार मृत पाए गए। यह घटना बरुन इलाके में हुई, जब कुमार एक अगस्त को सोन नहर सर्विस रोड से डेहरी से पटना जा रहे थे।
तेजस्वी ने 25 जुलाई को सीवान जिले में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर एके-47 राइफल के इस्तेमाल को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश
0608 2121 पटना