भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया
पारुल
- 04 Aug 2026, 09:33 PM
- Updated: 09:33 PM
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) भारत ने मंगलवार को कहा कि उसने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बिम्सटेक के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के 'आउटरीच सत्र' में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
भारत 12-13 सितंबर को नयी दिल्ली में वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभाव सहित कई वैश्विक चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
नयी दिल्ली की ओर से रहमान को आमंत्रित किए जाने की पुष्टि ऐसे समय में की गई है, जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बुधवार को नयी दिल्ली में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मीडिया से बातचीत करने की योजना को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में नया गतिरोध उत्पन्न हो गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मीडिया से हसीना की प्रस्तावित बातचीत से भारत का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए जाने वाले किसी भी विचार का भारत समर्थन नहीं करता है।
जायसवाल ने अपनी नियमित प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में बताया कि फरवरी में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद रहमान को भारत की द्विपक्षीय यात्रा के लिए भी निमंत्रण दिया गया था।
उन्होंने कहा, "भारत ने बिम्सटेक के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के 'आउटरीच सत्र' में शामिल होने का अलग से निमंत्रण दिया है।"
जायसवाल ने कहा कि यह निमंत्रण ब्रिक्स के 'आउटरीच सत्र' के लिए अपनाई जाने वाली सामान्य प्रक्रिया के तहत दिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रीय संगठनों के प्रमुखों को भी इसी प्रकार आमंत्रित किया गया है।
वर्तमान में भारत ब्रिक्स के अध्यक्ष के तौर पर समूह के शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित कई शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
ब्रिक्स की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के समूह के रूप में हुई थी। वर्ष 2024 में इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हुए, जबकि 2025 में इंडोनेशिया इसका सदस्य बना।
यह समूह दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करता है, जिनकी वैश्विक आबादी में लगभग 49.5 प्रतिशत, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में लगभग 40 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार में लगभग 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
मई में समूह के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक बिना किसी संयुक्त बयान के समाप्त हो गई थी, क्योंकि पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर ईरान और यूएई के बीच मतभेद खुलकर सामने आए थे।
ब्रिक्स आम सहमति के आधार पर काम करता है और भारत ने अध्यक्ष के बयान तथा निष्कर्ष दस्तावेज जारी किए थे, जिसमें दो विशेष पैराग्राफ शामिल थे, जिन पर सर्वसम्मति नहीं बन पाई थी।
भारत ने ब्रिक्स से बाहर के कई देशों के नेताओं को भी शिखर सम्मेलन के 'आउटरीच सत्र' में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है।
बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पहल) में भारत, श्रीलंका, थाईलैंड, बांग्लादेश, म्यांमा, नेपाल और भूटान शामिल हैं।
भाषा राखी पारुल
पारुल
0408 2133 दिल्ली