दिल्ली में अंतरराज्यीय कोकीन गिरोह का पर्दाफाश, दो नाइजीरियाई महिलाएं गिरफ्तार
माधव
- 01 Aug 2026, 06:15 PM
- Updated: 06:15 PM
नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस की रेलवे इकाई ने मुंबई और दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) के बीच संचालित एक कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य की दो किलोग्राम से अधिक कोकीन बरामद की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह बरामदगी 31 जुलाई को रेलवे इकाई के विशेष कर्मचारी और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पुलिसकर्मियों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान की गई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान नाइजीरियाई नागरिक चिकान्सो जेम्स (43) और हैप्पीनेस ओकोये (41) के रूप में की है।
पुलिस उपायुक्त (रेलवे) बी. भारत रेड्डी ने कहा, ''संदिग्ध तस्करों को पकड़ने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों सहित संवेदनशील स्थानों पर टीम को तैनात किया गया था। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सामान ले जा रही दो महिलाओं को देखा जिनका व्यवहार संदिग्ध था।''
टीम द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किए जाने के बाद पुलिस ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत उचित कानूनी कार्यवाही शुरू की। संदिग्ध महिलाओं की तलाशी के दौरान अधिकारियों को एक आरोपी के पास से कोकीन के 11 पैकेट बरामद हुए।
अधिकारी ने कहा, ''यह जब्ती रेलवे इकाई की एक बड़ी सफलता है, जिसने मुंबई और दिल्ली-एनसीआर के बीच संचालित एक कथित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह को ध्वस्त कर दिया है और प्रतिबंधित पदार्थ की एक बड़ी खेप अवैध बाजार तक पहुंचने से रोक दी है।''
गहन पूछताछ के दौरान चिकान्सो जेम्स ने खुलासा किया कि बरामद की गई कोकीन पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके से ली गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के वित्तीय लेनदेन का पता लगाने और बड़े अंतरराज्यीय नशीले पदार्थों के गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए नेटवर्क के पिछले और आगे के संपर्कों की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बात की जांच की जा रही है कि क्या आरोपी केवल माल पहुंचाने का काम करते थे या मुंबई, दिल्ली तथा अन्य राज्यों में संचालित एक संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से सीधे जुड़े हुए थे।
पुलिस ने बताया कि सह-आरोपी ओकोये को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और दोनों आरोपियों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं।
भाषा खारी माधव
माधव
0108 1815 दिल्ली