उप्र: कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय पर जोर
जितेंद्र
- 20 Jul 2026, 09:03 PM
- Updated: 09:03 PM
मेरठ, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने सोमवार को कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रा को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दोनों अधिकारियों ने उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक ने मेरठ मंडलायुक्त सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में पड़ोसी राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी डिजिटल माध्यम से भाग लिया।
बैठक से पहले मुख्य सचिव ने मेरठ स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जलाभिषेक किया।
गोयल ने बताया कि कांवड़ यात्रा एक महत्वपूर्ण और विशाल धार्मिक आयोजन है, जिसे बिना किसी अप्रिय घटना या दुर्घटना के संपन्न कराना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस, बाइक एंबुलेंस, मोबाइल शौचालय, सड़क मरम्मत, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी ने बताया कि कांवड़ शिविरों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए और विद्युत, अग्नि सुरक्षा व खाद्य सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।
उन्होंने 'जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट' के लक्ष्य के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने सीमावर्ती राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय, संयुक्त मार्ग योजना, यातायात का परिवर्तन और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम स्तर तक सुरक्षा समितियों के साथ संवाद बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
वहीं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था और यातायात प्रभावित न हो।
उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
कृष्ण ने डीजे संचालन को उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप रखने, डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रखने और डीजे संचालकों का सत्यापन समय पर पूरा करने को कहा।
उन्होंने बिना साइलेंसर वाले वाहनों, स्टंटबाजी और अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा ऐसी किसी भी सूचना के प्रसार पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर भी पैनी नजर रखने को कहा। भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र
2007 2103 मेरठ