पश्चिम बंगाल में एक सितंबर से सभी सरकारी पत्राचार बांग्ला भाषा में होंगे: शुभेंदु अधिकारी
गोला
- 20 Jul 2026, 03:59 PM
- Updated: 03:59 PM
कोलकाता, 20 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार एक सितंबर से सभी आधिकारिक पत्राचार बांग्ला भाषा में करेगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य विधानसभा में यह घोषणा की और सदन में अमित शाह का पत्र पढ़कर सुनाया, जिसमें भारतीय भाषाओं के अधिक से अधिक इस्तेमाल और उनके विकास के लिए कदम उठाने का सुझाव दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें लिखे एक पत्र में राज्य प्रशासन के हर स्तर पर बांग्ला भाषा के व्यापक उपयोग के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''एक सितंबर, 2026 से राज्य सरकार के हर स्तर पर बांग्ला भाषा का उपयोग अनिवार्य होगा।''
उन्होंने कहा, ''हम केंद्र सरकार और अन्य राज्यों के साथ होने वाले सभी आधिकारिक पत्राचार में बांग्ला भाषा का इस्तेमाल करेंगे।'' उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के साथ पत्राचार बांग्ला के साथ-साथ हिंदी में भी किया जाएगा।
वर्तमान में केंद्र के साथ आधिकारिक पत्राचार सामान्यत: अंग्रेजी भाषा में होता है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के अपने तीन दिवसीय दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बांग्ला भाषा में एक पत्र लिखा था जिसमें उन्होंने भाषा की विविधता पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर प्रकाश डाला था।
शाह ने उस पत्र में कहा, ''वह (मुखर्जी) संरक्षण, विकास और भारतीय भाषाओं के व्यापक उपयोग के जबरदस्त समर्थक थे।'' अधिकारी ने सदन में यह पत्र पढ़कर सुनाया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने पत्र में सुझाव दिया कि यह सुनिश्चित करना खास तौर पर जरूरी है कि भूमि और भू राजस्व विभाग से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक, फाइल प्रबंधन, नोटिंग, विभागीय बातचीत और आदेश बांग्ला भाषा में हों।
शाह ने कहा कि सार्वजनिक सेवाओं, डिजिटल प्रशासन और अन्य पत्राचार, वेबसाइट, मोबाइल ऐप, मीडिया विज्ञापनों और सरकारी कामकाज में बांग्ला भाषा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शाह ने इस बात पर जोर दिया कि प्रशासन में लोगों का भरोसा और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने, शिकायतें दर्ज करने, नागरिकों को जानकारी देने और जन-जागरूकता संदेशों में बांग्ला भाषा का व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
पत्र में कहा गया है, ''केंद्र सरकार के साथ आधिकारिक बातचीत में विदेशी भाषा के बजाय बांग्ला और राजभाषा हिंदी का इस्तेमाल किया जा सकता है।''
शाह ने पत्र में कहा कि यह देखते हुए कि गृह मंत्रालय में फाइल प्रबंधन, टिप्पणियां, विभागीय पत्राचार और सरकारी अधिसूचना का काम हिंदी में प्रभावी ढंग से होता है, ऐसे में यह अनुभव भारतीय भाषाओं के माध्यम से सुशासन की संभावना को मजबूत करता है।
शुभेंदु अधिकारी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आपकी सरकार भारतीय भाषाओं के व्यापक इस्तेमाल और विकास के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।''
शाह ने कहा कि ऐसे कदम न सिर्फ सुशासन को मजबूत करेंगे, बल्कि भारतीय भाषाओं और संस्कृति को बचाने में भी अहम योगदान देंगे।
इससे एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री ने यहां 'शब्द संग्रहालय' का उद्घाटन किया था। इस अवसर पर उन्होंने देश की भाषाई विविधता को संरक्षित कर उसकी सभ्यतागत पहचान को सुरक्षित रखने के लिए मातृभाषा के अलावा कम से कम एक अन्य भारतीय भाषा सीखने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
भाषा सुरभि गोला
गोला
2007 1559 कोलकाता