कर्नाटक में सोमवार से शुरू होगा कांग्रेस का संगठन पुनर्गठन अभियान: बीके हरिप्रसाद
नेत्रपाल
- 19 Jul 2026, 07:21 PM
- Updated: 07:21 PM
बेंगलुरु, 19 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी के हरिप्रसाद ने रविवार को कहा कि पार्टी का राज्य में संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान सोमवार से शुरू होगा और यह कवायद 'भारत जोड़ो' पहल के तहत की जा रही है।
हरिप्रसाद ने उन्हें कर्नाटक मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की अटकलों को भी खारिज किया और कहा कि मंत्रिमंडल का गठन पूरी तरह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।
उन्होंने यह भी कहा कि वह नयी दिल्ली केवल पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी राय रखने के लिए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, ''कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल 24 जुलाई को इस अभियान का उद्घाटन करने पहुंचेंगे। कांग्रेस ने देशभर में संगठन पुनर्गठन अभियान शुरू किया है। कर्नाटक दक्षिण भारत का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां यह अभी शुरू नहीं हुआ है।''
हरिप्रसाद ने बताया कि करीब 170 पर्यवेक्षक, जिनमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 40 और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के लगभग 120 पर्यवेक्षक शामिल होंगे, प्रत्येक जिले में कम से कम सात दिन बिताएंगे। ये सभी ब्लॉक स्तर तक जाकर रिपोर्ट तैयार करेंगे और सुझाव देंगे कि मौजूदा जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्षों को पद पर बनाए रखा जाए या बदला जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर पार्टी आलाकमान अंतिम फैसला करेगा। उन्होंने इसे बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्ताव के बाद पार्टी की पहली व्यापक संगठनात्मक कवायद बताया।
केपीसीसी पदाधिकारियों में बदलाव को लेकर हरिप्रसाद ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद नयी कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तब तक मौजूदा उपाध्यक्ष और महासचिव अपने पदों पर बने रहेंगे।
अपने मंत्री बनने की अटकलों को खारिज करते हुए हरिप्रसाद ने कहा, ''यह एक साजिश है जो पिछले तीन साल से हो रही है। यह सफल नहीं होगी। यह मुझे राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोशिश है। मैंने 50 साल तक पार्टी की सेवा की है, किसी पद या कुर्सी के लिए नहीं, बल्कि पार्टी को सत्ता में लाने के लिए।''
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का समर्थन करेगी और पार्टी व सरकार के बीच समन्वय पहले से मौजूद है ताकि पार्टी के कार्यक्रमों को लागू किया जा सके।
चुनावी रणनीति पर बात करते हुए हरिप्रसाद ने कहा कि 2028 का कर्नाटक विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए केवल एक ''सेमीफाइनल'' होगा।
उन्होंने कहा, ''सबसे महत्वपूर्ण 2029 का लोकसभा चुनाव है। हमारा लक्ष्य राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है।''
बिदादी टाउनशिप परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) (जद-एस) की ओर से घोषित पदयात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए हरिप्रसाद ने जद-एस पर टिप्पणी करने से इनकार किया और कहा कि वह अपने ही मुद्दों से जूझ रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि भाजपा के अभियान का कांग्रेस उचित जवाब देगी।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल
1907 1921 बेंगलुरु