राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार : 'आर्टिकल 370' सर्वश्रेष्ठ फिल्म, यामी गौतम सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री घोषित
माधव
- 18 Jul 2026, 09:34 PM
- Updated: 09:34 PM
नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) बॉलीवुड फिल्म 'आर्टिकल 370' को शनिवार को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म घोषित किया गया। यह फिल्म 2019 में संविधान के इस अनुच्छेद को हटाए जाने से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है।
''आर्टिकल 370'' में अभिनय करने वालीं यामी गौतम धर को मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, जबकि मलयालम अभिनेता ममूटी और अभिनेता कार्तिक आर्यन ने क्रमशः ''ब्रह्मयुगम'' (मलयालम) और ''चंदू चैंपियन'' (हिंदी) में अपनी मुख्य भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार साझा किया।
जम्मू-कश्मीर राज्य को मिले विशेष दर्जे को खत्म करने के सरकार के फैसले से प्रेरित फिल्म ''आर्टिकल 370'' में यामी गौतम एक खुफिया अधिकारी की भूमिका में हैं। वह एक ऐसे खुफिया ऑपरेशन में शामिल हैं जो इस दर्जे को हटाने से जुड़ी घटनाओं से जुड़ा है। इस फिल्म के निर्देशक आदित्य सुहास जांभले हैं।
लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले, फरवरी 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म ने संवैधानिक बदलाव को दिखाए जाने के कारण राजनीतिक ध्यान आकर्षित किया।
वर्ष 2024 के लिए पुरस्कारों की घोषणा करते हुए, 11 सदस्यीय केंद्रीय जूरी के अध्यक्ष जयराज ने बताया कि तेलुगु फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' ने भरपूर मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार जीता।
अभिनेता-फिल्मनिर्माता रणदीप हुड्डा ने ''स्वातंत्र्य वीर सावरकर'' के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार जीता। यह रणदीप के निर्देशन में बनी पहली फिल्म है, जिसमें उन्होंने विनायक दामोदर सावरकर का किरदार भी निभाया है।
यह फिल्म सावरकर के जीवन को दिखाती है, जिसमें लंदन में एक क्रांतिकारी के तौर पर बिताया गया उनका समय, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की सेलुलर जेल में उनकी कैद और बाद का उनका राजनीतिक करियर शामिल है।
ममूटी को राहुल सदाशिवन के निर्देशन में बनी मलयालम हॉरर फिल्म में उनके अभिनय के लिए सराहना मिली है।
कबीर खान की फिल्म ''चंदू चैंपियन'', भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर की जिंदगी पर आधारित है।
निर्देशक अरुण मथेश्वरन के निर्देशन में बनी और धनुष अभिनीत तमिल फिल्म ''कैप्टन मिलर'' को ''राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म'' का पुरस्कार मिला।
राजकुमार पेरियासामी को तमिल फिल्म ''अमरन'' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला। यह फिल्म अशोक चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित मेजर मुकुंद वरदराजन के जीवन पर आधारित है।
अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म ''भक्षक'' में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला। यह फिल्म एक ऐसी पत्रकार की कहानी पर केंद्रित है, जो एक आश्रय गृह में हुए यौन शोषण की पड़ताल करती है।
गीतकार मनोज मुंतशिर ने अजय देवगन अभिनीत फिल्म ''मैदान'' के गीत 'जाने दो' के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार अपने नाम किया।
भाषा शफीक माधव
माधव
1807 2134 दिल्ली