आंध्र प्रदेश : महिला को निर्वस्त्र करने के आरोप में तेदेपा नेता समेत नौ गिरफ्तार
माधव
- 18 Jul 2026, 06:23 PM
- Updated: 06:23 PM
गुंटूर (आंध्र प्रदेश), 19 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में 10,000 रुपये की कथित रिश्वत नहीं मिलने पर एक महिला को निर्वस्त्र करने और उसके परिवार पर हमला करने के आरोप में सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के एक नेता और उसके परिवार के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मल्लेला वेंकट रमण मूर्ति (45) गुंटूर शहर के नगरमपालेम क्षेत्र में तेदेपा से संबद्ध वार्ड सचिव है।
पुलिस के अनुसार, मूर्ति ने 15 जुलाई को स्थानीय निवासी नागेश्वर राव से 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। राव द्वारा रकम देने से इनकार करने पर उसकी पत्नी पर हमला किया गया।
अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "आरोपी मूर्ति और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुक्रवार रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।"
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को राव अपने घर के सामने पानी के बोरवेल की मरम्मत करा रहे थे। तभी मूर्ति वहां पहुंचा और 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी। राव ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि यह उनके घर का निजी काम है और इसका खर्च वह स्वयं उठा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, इस पर मूर्ति ने राव से झगड़ा शुरू कर दिया, लेकिन राव का बेटा उन्हें घर के अंदर ले गया। उसी दिन रात करीब आठ बजे मूर्ति अपने आठ रिश्तेदारों के साथ लौटा और राव तथा उसके परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने राव की पत्नी के कथित तौर पर कपड़े भी उतार दिए।
घटना के बाद राव के परिवार ने 16 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
इस बीच, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वह गुंटूर की इस घटना से "बेहद व्यथित" हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "किसी भी महिला का अपमान पूरी तरह अस्वीकार्य है और हमारे समाज में इस तरह के कृत्य का कोई स्थान नहीं है। मैंने तत्काल और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में शामिल पार्टी पदाधिकारी को निलंबित किया जा रहा है।"
नायडू ने कहा, "मेरी सरकार कानून का निष्पक्ष और सख्ती से पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति को उसकी राजनीतिक संबद्धता के आधार पर संरक्षण नहीं मिलेगा। आंध्र प्रदेश की हर महिला को यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी गरिमा और सुरक्षा की रक्षा हमेशा की जाएगी।"
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि उन्होंने संबंधित तेदेपा पदाधिकारी मूर्ति को पार्टी के सभी पदों से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
भाषा राखी माधव
माधव
1807 1823 गुंटूर