'रोमांटिक डेट', संपत्ति खरीद मामले में दिल्ली दुनिया में सबसे सस्ती; पर वेतन में सबसे पीछे: रिपोर्ट
रमण
- 18 Jul 2026, 06:15 PM
- Updated: 06:15 PM
नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) 'रोमांटिक डेट' के लिए दिल्ली दुनिया के विभिन्न शहरों के मुकाबले सबसे सस्ता है और यहां संपत्ति खरीदना भी अपेक्षाकृत काफी किफायती है। हालांकि, विश्व के अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में यहां के लोगों का वेतन काफी कम है। रहन-सहन की लागत और जीवन स्तर पर नजर रखने वाली एक वैश्विक रिपोर्ट में यह बात कही गयी है।
डॉयचे बैंक की 'मैपिंग द वर्ल्ड्स प्राइसेज 2026' रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में कम खर्चे पर 'डेट' पर जाना यानी रूमानी मुलाकात की लागत 103 डॉलर (लगभग 9,920 रुपये) आती है, जबकि इस सूचकांक में सबसे महंगे शहर जिनेवा में इसके लिए 475 डॉलर (लगभग 45,750 रुपये) खर्च करने पड़ते हैं। इस रिपोर्ट में विभिन्न शहरों की कीमतों, वेतन और जीवन स्तर की तुलना की गई है।
रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि दिल्ली में दुनिया का सबसे सस्ता ब्रॉडबैंड इंटरनेट उपलब्ध है, जहां मासिक कनेक्शन की लागत 7.3 डॉलर (लगभग 703 रुपये) है, जो सर्वेक्षण में शामिल 69 शहरों में सबसे कम है।
हालांकि, जीवन स्तर की रैंकिंग में दिल्ली शीर्ष 50 शहरों में जगह बनाने में नाकाम रही। इस रैंकिंग में क्रय शक्ति, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, रहन-सहन की लागत, आवास कीमत, यात्रा का समय, प्रदूषण और जलवायु जैसे कारकों को शामिल किया जाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, कम खर्चे पर 'डेट' पर जाने से जुड़े सूचकांक में वाइन की एक बोतल, एक जोड़ी जींस, एक पोशाक, दो कप कॉफी, दो लोगों का भोजन, दो सिनेमा टिकट, एक तरफ के दो परिवहन टिकट और पांच किलोमीटर की टैक्सी यात्रा की लागत को शामिल किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों की तुलना में दिल्ली में संपत्ति की कीमतें अभी भी कम हैं। यहां संपत्ति की औसत कीमत 2,465 डॉलर प्रति वर्ग मीटर (करीब 2.37 लाख रुपये) है। इस आधार पर दिल्ली दुनिया के प्रमुख शहरों की सूची में 65वें स्थान पर है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में पिछले दशक से दिल्ली में संपत्ति की कीमतों में डॉलर के लिहाज से 9.8 प्रतिशत गिरावट आई है। हालांकि 2019 के बाद इनमें 15.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वहीं मासिक वेतन के मामले में वर्ष 2026 में 69 शहरों की सूची में दिल्ली 66वें स्थान पर रही। यहां औसत शुद्ध मासिक वेतन 538 डॉलर (करीब 51,800 रुपये) है, जो न्यूयॉर्क के वेतन स्तर का केवल 10 प्रतिशत है।
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में औसत मासिक वेतन 2012 में 633 डॉलर, 2016 में 653 डॉलर, 2019 में 556 डॉलर, 2025 में 607 डॉलर और 2026 में 538 डॉलर रहा।
वहीं, वेतन के मामले में ज्यूरिख शीर्ष पर रहा, जहां औसत शुद्ध मासिक आय 8,363 डॉलर (करीब 8,05,200 रुपये) रही।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दशक में दिल्ली में वेतन डॉलर के लिहाज से 17.7 प्रतिशत घटा है, जबकि 2019 के बाद इसमें 3.3 प्रतिशत की गिरावट आई है।
यह रिपोर्ट डॉयचे बैंक के शोध संस्थान के जिम रीड और गैलिना पोज्डन्याकोवा ने तैयार की है और 13 जुलाई को प्रकाशित की गई। रिपोर्ट के लिए मुख्य रूप से नंबियो के सामुदायिक आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया, जिनकी डॉयचे बैंक की शोध टीम ने जांच और विश्लेषण किया।
कॉफी पसंद करने वालों के लिए भी दिल्ली दुनिया के सबसे सस्ते शहरों में शामिल है। यहां एक सामान्य कैपेचीनो कॉफी की कीमत 2.40 डॉलर (करीब 231 रुपये) है, जिससे दिल्ली इस सूचकांक के 10 सबसे सस्ते शहरों में शामिल है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के प्रमुख केंद्रों में तीन बेडरूम वाले एक मकान का मासिक किराया करीब 685 डॉलर (करीब 65,970 रुपये) है।
रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत भी डॉलर के लिहाज से न्यूयॉर्क के लगभग बराबर है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 1.05 डॉलर प्रति लीटर है, जबकि न्यूयॉर्क में यह 1.08 डॉलर प्रति लीटर है।
रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले एक दशक में दिल्ली में रोजमर्रा की कई वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में डॉलर के लिहाज से उल्लेखनीय गिरावट आई है। जिम सदस्यता की मासिक लागत 38.3 प्रतिशत, जींस की कीमत 36.9 प्रतिशत और गर्मियों की पोशाक की कीमत 26.5 प्रतिशत घटी है।
रिपोर्ट के अनुसार, बुनियादी सुविधाओं, मध्यम श्रेणी के रेस्तरां में भोजन और ब्रांडेड जींस जैसे उपभोक्ता उत्पादों की कीमतों के लिहाज से भी दिल्ली दुनिया के सबसे सस्ते शहरों में शामिल हैं।
भाषा योगेश रमण
रमण
1807 1815 दिल्ली