ईडी ने महाराष्ट्र के स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया
दिलीप
- 18 Jul 2026, 04:56 PM
- Updated: 04:56 PM
नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के स्वयंभू "बाबा" अशोक खरात, उसकी पत्नी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ धनशोधन मामले में आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें कहा गया है कि खरात ने खुद को भगवान शिव का अवतार बताकर अपने अनुयायियों से धोखाधड़ी की और अपराध से अर्जित रकम का दो सहकारी ऋण समितियों (कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी) के जरिए धनशोधन किया।
कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोपी अशोक कुमार एकनाथ खरात उर्फ कैप्टन उर्फ बंधु बाबा को ईडी ने 19 मई को गिरफ्तार कर लिया था, जब वह पुलिस हिरासत में था।
ईडी के बयान के अनुसार, मुंबई में धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत में शुक्रवार को दायर आरोपपत्र में खरात, उसकी पत्नी कल्पना और चार अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि खरात ने लोगों की धार्मिक आस्था का फायदा उठाया और "अवतार पूजा" कराने, बीमारियां ठीक करने, दुर्भाग्य दूर करने और कारोबार में तरक्की दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे और संपत्ति ली।
ईडी ने आरोप लगाया कि नासिक निवासी खरात लोगों को डराकर उनसे जबरन वसूली करता था और उनके साथ धोखाधड़ी करता था।
ईडी ने कहा, "खरात ने खुद को दिव्य शक्तियों वाला और भगवान शिव का अवतार बताकर लोगों को धोखा दिया।"
एजेंसी का आरोप है कि खरात ने एक कर्मचारी की मिलीभगत से कई बैंक खातों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया, कई बेनामी खातों में बड़ी मात्रा में नकदी जमा कराई, बाद में उसे निकाला और 'मैच्योरिटी' पर मिलने वाली रकम भी ली।
ईडी ने कहा कि इस तरह उसने दो सहकारी ऋण समितियों के जरिए अपराध से अर्जित पैसे को वैध दिखाने की कोशिश की।
ईडी का आरोप है कि धनशोधन के जरिए प्राप्त रकम को उसके भरोसेमंद सहयोगियों के पास रखा गया या फिर नासिक, अहमदनगर, सोलापुर, पुणे और मुंबई में उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर अचल संपत्तियां खरीदने में लगाया गया।
खरात फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। ईडी ने इस मामले में 36.90 करोड़ रुपये की संपत्ति भी कुर्क और जब्त की है।
खरात को सबसे पहले 18 मार्च को नासिक पुलिस ने गिरफ्तार किया था। एक विवाहित महिला ने आरोप लगाया था कि उसने तीन साल तक कई बार उससे दुष्कर्म किया।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप
1807 1656 दिल्ली