वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच स्थानीय शेयर बाजार स्थिर रुख के साथ बंद
योगेश
- 16 Jul 2026, 05:16 PM
- Updated: 05:16 PM
मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) भू-राजनीतिक तनाव के बीच बृहस्पतिवार को एचडीएफसी बैंक एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख शेयरों में मुनाफावसूली का जोर रहने से स्थानीय शेयर बाजार अपनी तेजी को बरकरार नहीं रख पाया और स्थिर स्तर पर बंद हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और एशियाई बाजारों में कमजोरी का भी घरेलू शेयर बाजार पर असर पड़ा। आईटी शेयरों में खरीदारी ने बाजार को एक हद तक समर्थन दिया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 394.26 अंक चढ़कर 77,579.69 अंक तक चला गया था, लेकिन सत्र के अंत में इसने अपनी पूरी बढ़त गंवा दी।
वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 5.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,072.75 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टेक महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट रही।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.62 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और एशियाई बाजारों में कमजोरी के कारण निवेशक सतर्क रहे, जिससे बाजार सीमित दायरे में रहा।"
नायर ने कहा कि अमेरिका में मुद्रास्फीति नरम पड़ने से ब्याज दरों को लेकर चिंताएं कुछ कम हुई हैं, जिससे बाजार को निचले स्तर पर समर्थन मिला।
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.21 प्रतिशत गिर गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.07 प्रतिशत की सुस्ती रही।
क्षेत्रवार सूचकांकों में टिकाऊ उपभोक्ता खंड ने 1.13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की जबकि फोकस आईटी खंड में 0.58 प्रतिशत, आईटी खंड में 0.58 प्रतिशत और वाहन खंड में 0.30 प्रतिशत की तेजी रही।
दूसरी तरफ, वित्तीय सेवा, औद्योगिक, निजी बैंक सूचकांक एवं उपयोगित खंड में गिरावट रही।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, "वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच घरेलू स्तर पर निवेशक धारणा नरम रही। पश्चिम एशिया में तनाव से सतर्कता का रुख रहा लेकिन बेहतर तिमाही नतीजों ने खरीदारी को भी प्रोत्साहन दिया।"
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 6.37 प्रतिशत तक लुढ़क गया। जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट भी गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त में रहा।
यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 735.83 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
बुधवार को सेंसेक्स 130.49 अंक चढ़कर 77,185.43 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 26.45 अंक बढ़कर 24,078.50 अंक पर रहा था।
भाषा प्रेम प्रेम योगेश
योगेश
1607 1716 मुंबई