दिल्ली में छिटपुट बारिश, बृहस्पतिवार को उमस भरी गर्मी के आसार
अविनाश
- 15 Jul 2026, 10:09 PM
- Updated: 10:09 PM
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में बुधवार तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे मिली राहत बेहद कम समय तक रही और उमस भरी गर्मी लौट आई।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग ने अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक और मंगलवार की तुलना में 0.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग केंद्र में तड़के केवल बूंदाबांदी दर्ज की गई।
पालम केंद्र में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक और मंगलवार की तुलना में 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में 2.6 डिग्री कम है।
लोधी रोड में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार की तुलना में क्रमशः 0.3 डिग्री और 0.2 डिग्री अधिक है। रिज और आयानगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 26.4 डिग्री सेल्सियस और 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आयानगर और नजफगढ़ में मंगलवार रात साढ़े 11 बजे से देर रात ढाई बजे के बीच एक-एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "बृहस्पतिवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है क्योंकि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अत्यधिक गर्म और उमस रहने का अनुमान है।"
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान लगाने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और केवल इक्का-दुक्का स्थानों पर ही हल्की बारिश हो सकती है।
इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, बुधवार शाम चार बजे पिछले 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 159 दर्ज किया गया, जो मंगलवार को इसी समय दर्ज किए गए 172 के मुकाबले थोड़ा बेहतर है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
1507 2209 दिल्ली