राहुल के कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने पर कांग्रेस का धरना, अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा आयोजन
खारी
- 15 Jul 2026, 01:00 AM
- Updated: 01:00 AM
देहरादून, 14 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने को लेकर उत्तराखंड सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए मंगलवार देर रात विरोध-धरना दिया।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में परेड ग्राउंड पर आयोजित धरने के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घोषणा की कि ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम अब देहरादून के ही बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के लिए तीन दिन की दी गई अनुमति प्रशासन ने राज्य सरकार के दबाव में आकर रद्द की है।
उन्होंने कहा, ''सरकार का तर्क है कि इस मैदान में पहले से एक कार्यक्रम किया जा रहा है, जबकि हम मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को दिखाना चाहते हैं कि यहां कोई कार्यक्रम नहीं हो रहा है।''
उन्होंने कहा कि सरकार का दावा है कि 11 से 15 जुलाई तक प्रस्तावित कार्यक्रम की अवधि केंद्र सरकार ने 17 जुलाई तक बढ़ा दी है।
गोदियाल ने कहा कि लेकिन वह कार्यक्रम इस मैदान में नहीं, बल्कि दूसरे मैदान में आयोजित हो रहा है, इसलिए उसका कांग्रेस के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा, ''सरकार के दबाव में अधिकारियों ने हमारी अनुमति फिर रद्द कर दी। इससे राहुल गांधी को लेकर सरकार का डर साफ दिखाई देता है।''
हालांकि, उन्होंने कहा कि युवाओं के हित और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब यह कार्यक्रम देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
धरने में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इससे पहले गोदियाल ने आरोप लगाया था कि शासन-प्रशासन मुख्यमंत्री के दबाव में किसी न किसी बहाने से कार्यक्रम की अनुमति वापस लेने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर विधिवत अनुमति पहले ही प्राप्त कर ली गई थी और इसकी रसीद भी उपलब्ध है। उनके अनुसार, यह अनुमति 15, 16 और 17 जुलाई के लिए दी गई थी।
गोदियाल ने बताया कि ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम में राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इस बीच, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव (संगठन/प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि गोदियाल के निर्देश पर राहुल गांधी के 17 जुलाई के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने और उससे संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में तत्काल प्रभाव से 10 सदस्यीय नियंत्रण कक्ष गठित किया गया है।
भाषा दीप्ति खारी
खारी
1507 0100 देहरादून