बदरीनाथ चढ़ावा विवाद: खुली बहस के लिए पहुंचे गोदियाल पर नहीं आए बीकेटीसी अध्यक्ष
खारी
- 14 Jul 2026, 09:24 PM
- Updated: 09:24 PM
देहरादून, 14 जुलाई (भाषा) बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जारी राजनीतिक घमासान मंगलवार को उस समय दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया, जब कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार देहरादून प्रेस क्लब में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ 'खुली बहस' के लिए पहुंचे, लेकिन द्विवेदी वहां नहीं आए।
हालांकि, बाद में द्विवेदी ने पलटवार करते हुए गोदियाल को बदरीनाथ या केदारनाथ धाम में बहस करने का न्योता देते हुए कहा, ''भगवान के सामने कोई झूठ नहीं बोल सकता।''
यह घटनाक्रम बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बीकेटीसी के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल की गिरफ्तारी के बाद तेज हुई राजनीतिक जंग के बीच सामने आया।
वर्ष 2012 से 2017 तक बीकेटीसी के अध्यक्ष रहे गोदियाल, प्रेस क्लब में आयोजित खुली बहस में द्विवेदी द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने पहुंचे थे। द्विवेदी ने आरोप लगाया था कि गोदियाल के कार्यकाल में वित्तीय अनियमितताएं हुईं और श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर अधिनियम, 1939 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया।
इन आरोपों के जवाब में गोदियाल ने मंगलवार दोपहर साढ़े 12:30 बजे देहरादून प्रेस क्लब में सार्वजनिक बहस का निमंत्रण देते हुए द्विवेदी से सभी दस्तावेज और साक्ष्य लेकर आने को कहा था।
निर्धारित समय पर प्रेस क्लब पहुंचे गोदियाल ने कुछ देर इंतजार करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ''मैं अपने वादे के मुताबिक यहां आया हूं। मुझे उम्मीद थी कि बीकेटीसी अध्यक्ष भी अपने आरोपों के समर्थन में तथ्यों के साथ आएंगे। उत्तराखंड की जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है।''
गोदियाल ने एक बार फिर आरोप लगाया कि बीकेटीसी अध्यक्ष के देहरादून कार्यालय के लिए नियुक्त वैयक्तिक सहायक को बदरीनाथ ले जाकर चढ़ावे की गणना के कार्य में लगाया गया।
उन्होंने कहा, ''अपने अधीन कार्य करने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही से अध्यक्ष बच नहीं सकते।''
हालांकि, हेमंत द्विवेदी प्रेस क्लब नहीं पहुंचे। बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंदिरों से जुड़े गंभीर विषयों पर चर्चा प्रेस क्लब में नहीं, बल्कि स्वयं भगवान बदरीविशाल और बाबा केदार के समक्ष होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ''यदि गणेश गोदियाल वास्तव में बहस करना चाहते हैं तो मैं उन्हें बदरीनाथ या केदारनाथ आने का निमंत्रण देता हूं। भगवान बदरीविशाल और बाबा केदार के समक्ष कोई झूठ नहीं बोल सकता। वहीं सभी तथ्यों के साथ जनता के सामने सच्चाई रखी जाएगी।''
द्विवेदी ने दोहराया कि चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपी बीकेटीसी कर्मचारी के खिलाफ निलंबन, प्राथमिकी दर्ज करने और गिरफ्तारी जैसी सख्त कार्रवाई की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच भी जारी है।
भाषा दीप्ति खारी
खारी
1407 2124 देहरादून